राष्ट्रीय युवा दिवस पर सांदीपनि विद्यालय में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – महान विचारक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जन्म जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आज सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय परिसर, पांढुर्णा में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य एवं अनुशासित आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री मोहन यादव जी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। योग एवं सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर महोदय श्री नीरज कुमार वशिष्ठ जी ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश, एसडीएम अलका एक्का, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ घाटोडे जी, नगर पालिका सभापति महोदय, नगर पालिका के सम्मानित पार्षदगण, जिला मुख्यालय के समस्त शासकीय विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ घाटोडे जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। ऐसे आयोजन युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं।योग जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाने का मार्ग है ।स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात कर युवा साथी व्यक्तित्व निर्माण करें और विकसित मध्य प्रदेश विकसित भारत के लिए तैयार हो।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ जी ने कहा कि योग एवं सूर्य नमस्कार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। सामूहिक कार्यक्रमों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। पूरे विद्यालय परिसर में अनुशासन, ऊर्जा एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ युवा—सशक्त भारत के संकल्प के साथ किया गया।



















Leave a Reply