3.5 घंटे मंडीदीप से भोपाल तक 14 किमी जाम,6 साल की बच्ची से रेप के विरोध में तीसरे दिन भी प्रदर्शन; पुलिस ने किया लाठीचार्ज
गोविन्द दुबे जिला ब्यूरो चीफ

मंडीदीप/रायसेन जिले के मंडीदीप में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के विरोध में सोमवार को भी भारी प्रदर्शन हुआ। दोपहर 12 बजे से 3.30 बजे तक मंडीदीप से भोपाल की ओर 14 किमी और औबेदुल्लागंज की ओर 7 किमी लंबा जाम लगा रहा। हजारों वाहन कई घंटों तक वहां फंसे रहे।प्रदर्शन कारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने दोपहर करीब 3 बजे हल्का बल का प्रयोग भी किया। इसके बाद सकल हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने ASP कमलेश कुमार खरपूसे को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का समय मांगा।इसी मांग और आश्वासन के बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म किया। इधर, मंगल बाजार क्षेत्र में विद्यार्थी परिषद ने भी जाम लगाया। यहां स्कूली बच्चों ने सड़क पर बैठकर न्याय की मांग की। स्थिति संभालने में पुलिस के 50-60 जवान जुटे रहे।औबेदुल्लागंज में रविवार को युवा सौरभ मालवीय और साथियों ने दिनभर अनशन किया था। सोमवार को चिकलोद, गौहरगंज, औबेदुल्लागंज, मंडीदीप और रायसेन सहित कई जगह लोग सड़क पर उतरे। सराकिया में भी प्रदर्शन की तैयारी थी, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद लोग माने।
पुलिस ने भीड़ का हटाने किया हल्का बल प्रयोग
दोपहर करीब 3 बजे भीड़ नहीं हटने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। कुछ लोगों को लाठियों से हटाया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वे फिर सड़क पर बैठ गए। मौके पर फायर ब्रिगेड भी मौजूद रही। ASP, SDM, तहसीलदार और पांच थानों का पुलिस बल ट्रैफिक बहाल करने में जुटा रहा।3.30 बजे के बाद खुलना शुरू हुआ जाम
ASP के दो दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने रास्ता छोड़ा। 3.30 बजे जाम खोलने का काम शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से गाड़ियों को धीरे-धीरे निकाला गया। ट्रैफिक को सामान्य होने में करीब 1.5 से 2 घंटे लगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हाल जाना। उन्होंने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा और केस फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा।















Leave a Reply