गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“यूरिया खाद के लिए रात में लगी कतार, मूर्छित होकर गिरा किसान”

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
(सुलतानपुर) जिले की सहकारी समितियों पर यूरिया के लिए मारामारी मची है। इसका अंदाजा कतार में लगे किसानों को देखकर लगाया जा सकता है। खाद वितरण की सूचना मिलते ही किसान रात दो बजे ही समितियों पर पहुंच जा रहे हैं। उपलब्धता के सापेक्ष मांग अधिक होने से सचिवों को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में खाद का वितरण करना पड़ा।
कूरेभार के बेला सैदखानपुर के किसान मेहीलाल रात दो बजे ही समिति पर पहुंच गए। समिति पर यूरिया के इंतजार में घंटों खड़े रहने के दौरान अचानक गश खाकर गिर पड़े। किसानों ने उनके घर पर सूचना देते हुए मेहीलाल के मुंह पर पानी का छीटा मारा। इसके बाद उनकी हालत सामान्य हुई।
“किसानों की भीड़ देख बुलानी पड़ी पुलिस”
(कूरेभार)सैदखानपुर सहकारी समिति पर बुधवार दोपहर करीब 550 बोरी यूरिया पहुंचने की सूचना पर रात दो बजे से ही किसान समिति पर पहुंचने लगे। बृहस्पतिवार सुबह तक समिति पर किसानों की भीड़ लग गई। यूरिया की उपलब्धता के सापेक्ष किसानों की भीड़ देख सचिव को वितरण के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण किया गया।
किशनी का पुरवा निवासी रामलली ने बताया कि वह रात दो बजे खाद लेने के लिए निकली थीं। रास्ते में पुलिस ने आधार कार्ड देखने के बाद आने दिया। सैदखानपुर के अयोध्या प्रसाद ने बताया कि सुबह चार बजे से कतार में खड़े हैं। दाउदपुर की मोनिका कुमारी ने बताया कि सुबह चार बजे समिति पर पहुंच गई थीं। जियापुर की केश कुमारी ने बताया कि वह सुबह पांच बजे से कतार में बैठी हैं। सुबह 10 बजे से वितरण शुरू होने की सूचना मिली है। पूर्वाह्न 11 बजे तक समिति का ताला नहीं खुलने पर किसान बेहाल नजर आए। ग्राम प्रधान ने लोगों के लिए पानी की व्यवस्था कराई। एक बजे सचिव प्रणय दूबे ने यूरिया का वितरण शुरू कराया।
“चार घंटे में खत्म हो गई 300 बोरी यूरिया”
(द्वारिकागंज) पुलिस की निगरानी में डीहढग्गूपुर सहकारी समिति पर रात से ही किसान कतार लगाए थे। काफी संख्या में किसानों के मौजूद होने से 300 बोरी यूरिया चार घंटे में ही खत्म हो गई। करीब सौ किसानों को निराश लौटना पड़ा। केंद्र प्रभारी मोनिका सिंह ने बताया कि यूरिया की मांग की गई है। संवाद
“पांच दिन से पीसीएफ ने गोदाम में दबाए रखी 3260 बोरी यूरिया”
(सुलतानपुर) शासन की सख्ती पर प्रशासन ने यूरिया वितरण कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। डीएम कुमार हर्ष ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को नोडल नामित करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्र की समितियों पर यूरिया का वितरण कराने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को निरीक्षण में निकले अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को कई समितियों पर खाद नहीं मिली। देर शाम कटका खानपुर पीसीएफ गोदाम पर अपर जिलाधिकारी काे करीब 3260 बोरी यूरिया डंप मिली। निर्देश के बाद भी उसे समितियों पर नहीं भेजने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन ने सहायक निबंधक सहकारिता, सहायक आयुक्त सहकारिता व पीसीएफ के जिला प्रबंधक को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है। उन्होंने अपने सामने नौ ट्रकों से समितियों को यूरिया भेजा। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को बंधुआकलां समिति का निरीक्षण किया।
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश















Leave a Reply