Advertisement

“गर्व से लहराया तिरंगा, लगे गगन चुंबी देशभक्ति नारे, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन”

गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

“गर्व से लहराया तिरंगा, लगे गगन चुंबी देशभक्ति नारे, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन”

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
(सुलतानपुर) स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। सरकारी व निजी भवनों व अन्य जगहों पर शान से तिरंगा फहराया। दिन भर चारों ओर देशभक्ति के गीत-संगीत गूंजते रहे। अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों व खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन हुए। पुलिस विभाग ने कर्मियों को सम्मानित किया।
सुबह कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शहर में प्रभात फेरी निकाली। शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर डीएम कुमार हर्ष, सीडीओ अंकुर कौशिक ने माल्यार्पण किया। डीएम ने कलेक्ट्रेट में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के अधिकारियों-कर्मचारियों को देश की एकता व अखंडता कायम रखने की शपथ दिलाई। सभागार में गोष्ठी को संबोधित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण के बाद अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किया गया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ल, वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन व अन्य मौजूद रहे।
विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने तिरंगा फहराया। पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने तिरंगा फहराते हुए अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दीवानी न्यायालय में जिला जज लक्ष्मीकांत ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर बार अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, महासचिव दिनेश दूबे समेत अन्य मौजूद रहे। अन्य सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों पर भी तिरंगा फहराया गया। भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने तिरंगा लहराया। पदाधिकारियों ने महापुरुषों को याद किया। शहर के गनपत सहाय डिग्री कॉलेज, केएनआई, केएनआईसीई, राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत अन्य जगहों पर स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।
छात्रों ने निकाली प्रभात फेरी, विद्यालयों में हुए कार्यक्रम
सुलतानपुर। दोस्तपुर के मदीनतुल अरबिया मदरसा में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद प्रबंधक असगर खान ने बच्चों को पुरस्कृत किया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दोस्तपुर के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र गीत, नृत्य, एकांकी नाटक प्रस्तुत किया। सेंट जेवियर्स दोस्तपुर में प्रिंसिपल अमित श्रीवास्तव ने तिरंंगा फहराया। कूरेभार ब्लॉक में बीडीओ श्रीकांत तिवारी ने झंडा फहराया।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर बीईओ उदयराज मौर्या और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अधीक्षक डॉ. शैलेश प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। अलीगंज के ऊंचगांव, सरैया पूरे बिसेन, बबुरी, मिठनेपुर, राजापुर, इस्लामगंज में आजादी का जश्न मनाया गया। अखंडनगर के श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ ग्रुप के प्रबंध निदेशक डॉ. वेद प्रकाश सिंह की अगुवाई में कादीपुर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालने के बाद विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्राथमिक विद्यालय विजेथुआ द्वितीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय विजेथुआ में तिरंगा फहराया गया। प्रधानाध्यापक सतीश मिश्र ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
लंभुआ तहसील में उपजिलाधिकारी/ जॉइंट मजिस्ट्रेट गामिनी सिंगला ने तिरंगा फहराया। कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय ने कर्मियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया। स्थानीय सीएचसी, ब्लॉक, बैंक, विभिन्न विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया। गोपालपुर मधैया स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की झांकी निकाली। प्रबंधक प्रेमनाथ शुक्ल व प्रधानाचार्य विजय शंकर शुक्ल ने ध्वजारोहण किया। कुड़वार ब्लॉक में बीडीओ नीलिमा गुप्ता और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डाॅ. वेदांत ने तिरंगा फहराया।
बद्री प्रसाद स्मारक पीजी कॉलेज में प्रबंधक दयाराम यादव व डाॅ. महादेवी वर्मा कन्या इंटर काॅलेज में प्रबंधक राकेश यादव ने ध्वजारोहण किया। बरासिन में प्रधान दान बहादुर निषाद की अध्यक्षता में कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसौली में आयोजित लंबी कूद प्रतियोगिता में अमन आनंद सौरभ ने बाजी मारी। विजयी प्रतिभागियों को प्रधान नरेंद्र मौर्य ने पुरस्कार दिया।
कूरेभार विकासखंड में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय उर्फ राज बाबू ने किया ध्वजारोहण, इस अवसर पर संपूर्णानंद पाण्डेय(नेता शिक्षामित्र संघ) ब्लॉक प्रमुख नवनीत सिंह व सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!