मप्र से विदेशों में एक्सपोर्ट होंगे रेल कोच:सीएम ने दी जानकारी, बोले-10 को राजनाथ और शिवराज की मौजूदगी में होगा भूमिपूजन

रायसेन जिले के उमरिया में वंदे भारत ट्रेन, मेट्रो रेल जैसे अत्याधुनिक रेल कोच बनाए जाएंगे। मप्र में बने रेल कोच दुनियाभर में एक्सपोर्ट किए जाएंगे। 10 अगस्त को रायसेन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में रेल कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखी जाएगी।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। सीएम ने कहा- रक्षाबंधन के 2 दिन पूर्व और 15 अगस्त के 7 दिन पूर्व मैं सभी साथियों का स्वागत करता हूं।
स्वदेशी के भाव से कई कार्यक्रमों की योजना बनाई
सीएम ने कहा- कई कार्यक्रमों की श्रृंखला हमारे द्वारा बनाई गई है और उन कार्यक्रमों के साथ हमारा मूल भाव इस स्वतंत्रता के पावन पर्व के साथ प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वदेशी की भावना को प्रोत्साहन देना है। इसी के तहत हमारे द्वारा कुछ काम किए जाने हैं।
CM ने कहा- प्रधानमंत्री जी ने किसान कल्याण, कृषि अर्थव्यवस्था और सारी चीजों को कोट करते हुए जिस प्रकार से स्वदेशी की भावना और खासकर किसान आधारित व्यवस्थाओं को प्रोत्साहन देते हुए अपने देश के अंदर स्वदेशी की भावना को बढ़ावा दिया है।
पहली बार एमपी में बनेंगे रेल कोच
सीएम ने कहा- हमारे मप्र और भोपाल के लिए 10 तारीख स्वदेशीकरण की भावना से महत्वपूर्ण है। हमारे राज्य में पहली बार रेल कोच बनेंगे, मेट्रो ट्रेन बनेगी। स्वदेशी अभियान को लेकर यह एक बड़ी उपलब्धि रहेगी। यहां बनने वाले कोच देश में भी और देश के बाहर दुनिया में जहां-जहां रेल मंत्रालय चाहेगा निर्यात करेंगे।
1800 करोड़ से बनेगी रेल कोच फैक्ट्री
सीएम ने कहा मेसर्स BEML(भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) रेल कोच फैक्ट्री की स्थापना करेगी। सीएम ने कहा रायसेन जिले में हम इस परियोजना पर काम कर रहे हैं। जिसकी लागत लगभग 1800 करोड़ रुपए है जिसमें लगभग 1600 से 2000 लोग प्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से काम करेंगे।
रेल कोच बनाने वाले मैप पर स्थापित होगा एमपी
सीएम ने कहा- प्रदेश में पहली इकाई इस प्रकार के रेल कोच निर्माण करने की सुविधा प्रदान करेगी, जिसके आधार पर मध्य प्रदेश रेल विनिर्माण के मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान के रूप में स्थापित होगा।
रायसेन जिले के गौहरगंज तहसील के उमरिया गांव में 60.630 हेक्टेयर भूमि का आवंटन हमने कर दिया है। इस उद्योग में वंदे भारत, अमृत भारत, मेट्रो कोच का निर्माण किया जाएगा। इस उद्योग के लगने से भोपाल और रायसेन जिले में बड़े पैमाने पर सहायक उद्योगों का भी उनकी यूनिटों का भी एक बड़ा बाजार बनेगा। जो मध्य प्रदेश की राजधानी को भी और मध्य प्रदेश को भी अलग-अलग प्रकार के औद्योगिकीकरण से जोड़ने का प्रयास करेगा।
टेक्निकल डिग्रीधारी युवाओं को मिलेगा रोजगार
परियोजना के कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मानव संसाधन खासकर बीटेक और कंप्यूटर साइंस वाले उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के बड़े अवसर उत्पन्न होंगे। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया के मंत्र को साकार करने का एक महत्वाकांक्षी मंत्र बनेगा। परियोजना इसी प्रकार से लगाई गई है।
रेल मंत्री वर्चुअल जुड़ेंगे
सीएम ने कहा- इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुभारंभ पर रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री स्वयं हमारे बीच उपस्थित रहने वाले हैं। रेल मंत्री भी उपस्थित होने वाले थे, लेकिन व्यस्तता के कारण वह हमसे वर्चुअल जुड़ेंगे। उनका आशीर्वाद हमको मिलेगा। क्योंकि रक्षा मंत्रालय का BEML संस्थान बनाएगा और रेल कोच के सारे काम का ऑर्डर देने का काम रेल मंत्रालय करने वाला है।

















Leave a Reply