बाराबंकी : जहांगीराबाद थाना के मझलेपुर गांव मोड़ पर शुक्रवार की रात देशी शराब ठेका की दुकान के सेल्समैन के साथ हुई लूट के मामले में अभी बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। हालांकि पुलिस अभी तक 12 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।
16 अगस्त की रात हुई थी लूट : जहांगीराबाद थाना के फैजुल्लागंज में मझलेपुर गांव मोड़ पर एक देशी शराब का ठेका है। इसके अनुज्ञापी आनंद कुमार हैं। मैनेजर लखपेड़ाबाग मोहल्ला निवासी सुमित सिंह है। इस ठेके पर वीरेंद्र जायसवाल (60) पुत्र मेवालाल सेल्समैन हैं। 16 अगस्त की रात वह दुकान बंद कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। वीरेंद्र ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे फैजुल्लागंज रेलवे क्रासिंग से थोड़ा पहले आदर्श तालाब के गेट के पास पहुंचे थे कि इसी दौरान पेड़ों के छिपे तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। साइकिल रोकते ही बदमाशों ने उन्हें ढकेल दिया और 22 हजार रुपये लूट कर बदमाश फरार हो गए।
गठित की गईं हैं छह टीमें : पीड़ित की तहरीर पर जहांगीराबाद पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच सहित छह टीमें गठित की है। इन टीमों में देवा, जहांगीराबाद व मसौली थाना की पुलिस को भी शामिल किया गया है।
कई संदिग्धों से की गई पूछताछ, नहीं लगा सुराग : लूट की घटना को लेकर पुलिस गंभीर है लेकिन अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस द्वारा अभी तक 12 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। बदमाश खेतों से होकर भागे थे। जांच के दौरान उनकी चप्पलें भी मिली हैं। सीओ सिटी जगतराम कनौजिया ने बताया कि 12 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई है। कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Leave a Reply