पत्रकार हितों को लेकर ओबरा में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की अहम बैठक आयुष्मान कार्ड और टोल फ्री करने की उठी मांग
कलेक्टर परिसर में बैठक कक्ष और पत्रकारों के लिए विशेष बीमा व आयुष्मान योजना लागू करने की पुरजोर वकालत
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

ओबरा/सोनभद्र (19 जुलाई 2026)। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के बैनर तले रविवार को ओबरा स्थित कमला पेट्रोल टंकी के पास जिला कार्यालय पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक मुस्तैदी से काम करने वाले पत्रकारों के हितों, उनकी सामाजिक सुरक्षा और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। बैठक के बाद संगठन द्वारा जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को एक मांग पत्र (लेटर) प्रेषित कर शासन-प्रशासन से पत्रकार कल्याण के लिए त्वरित कदम उठाने की अपील की गई। बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के जिला अध्यक्ष संतोष साहनी ने टोल प्लाजा की मनमानी और दूरी के नियमों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि नियमानुसार दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए, लेकिन जिले में महज 30 किलोमीटर के दायरे के भीतर ही टोल प्लाजा स्थापित कर वसूली की जा रही है।रोजाना ग्रामीण अंचलों से लेकर जिला मुख्यालय तक त्वरित समाचार कवरेज (न्यूज कवरेज) के लिए दौड़ने वाले पत्रकारों से भी टोल वसूला जाता है, जिससे उनके कार्य में बाधा आती है। संगठन ने मांग की है कि कवरेज के दौरान जिले में आवागमन करने वाले सभी पत्रकारों को टोल प्लाजा से पूरी तरह मुक्त (फ्री) किया जाए।पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर सरकार की जनहितकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाते हैं और जनता की समस्याओं को शासन तक लाते हैं। ऐसे में सरकार को भी उनके हितों की रक्षा करनी चाहिए। प्रशासन से प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें की गईं। सभी पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड अनिवार्य रूप से जारी किए जाएं ताकि उन्हें मुफ्त इलाज मिल सके।पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अविलंब विशेष कानून लागू किया जाए और उनका सरकारी बीमा कराया जाए।जिला मुख्यालय (जिलाधिकारी कार्यालय) के समीप पत्रकारों के बैठने और आवश्यक चर्चा करने के लिए एक सर्वसुविधायुक्त मीडिया/बैठक कक्ष आवंटित किया जाए।इस महत्वपूर्ण बैठक में परिषद के संरक्षक व वरिष्ठ पत्रकार श्री रामप्यारे सिंह ने भी पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से पुरजोर मांग की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट रहने का संकल्प लिया गया। बैठक में सम्मिलित पदाधिकारी व सदस्य महासचिव अमरदीप सिंह, जिला प्रभारी अजीत सिंह, संगठन मंत्री विकास अग्रहरि, आईटी सेल प्रभारी अरविंद कुशवाहा, मीडिया प्रभारी कैलाश बिहारी, जिला सचिव मुकेश भारती, दिलीप कुमार दत्ता, जिला सचिव विजय कुमार शर्मा, तथा सदस्य शिशिर शर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।














Leave a Reply