रिपोर्टर अंकित तिवारी की रिपोर्ट बलिया उत्तर प्रदेश
• बलिया में एक ही परिवार के चार सदस्यों को अजीब बीमारी, दो को दिन में तो दो को रात में नहीं देता दिखाई।
बलिया थाना क्षेत्र के टकरसन गांव में एक परिवार ऐसा है, जो आंख की अजीब बीमारी से पीड़ित है। आठ सदस्यों वाले इस परिवार के चार सदस्यों को दिन में नहीं दिखाई देता तो दो सदस्यों को रात में नहीं दिखता है। नेपाल, बिहार के छपरा और बलिया जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद भी समस्या जस की तस है।
विकास खंड हनुमानगंज अंतर्गत टकरसन गांव निवासी राम प्रवेश पासी के छह बेटे हैं। इनमें हरि पासी (35), रामू (27), भानू (22), जयराम (20) को दिन में नहीं दिखाई देता है। सुनीता देवी (30) पत्नी रामू पैर से विकलांग हैं।
सुनील (34) और राज बहेलिया (18) को रात में नहीं दिखाई देता। इस परिवार के पास न तो छत है और न ही राशन कार्ड। उज्ज्वला गैस, शौचालय समेत अन्य सरकारी योजनाओं की सुविधा भी अब तक इस परिवार को नहीं मिल पाई हैं।
परिवार के लोगों ने पीड़ितों का नेपाल, छपरा और जिला अस्पताल सहित कई नेत्र अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन कहीं राहत नहीं मिली। परिजनों ने बताया कि पीड़ितों को बचपन से ही कम दिखाई देने लगा था। किशोरावस्था आते-आते बीमारी चरम पर पहुंच गई। परिवार के मुखिया जैसे तैसे रिक्शा चलाकर सभी का पालन पोषण करते हैं। अगर रिक्शा लेकर वह शाम को कहीं फंस जाते हैं तो घर पहुंचना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता।
Leave a Reply