राकेश शरण मिश्र ने मेरठ के एसएसपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की
सोनभद्र/सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

लखनऊ /सोनभद्र । संयुक्त अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शरण मिश्र ने मेरठ में अधिवक्ता रवि गौतम के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए इसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
श्री मिश्र ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यदि किसी अधिवक्ता ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसके विरुद्ध विधि के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है, किंतु किसी भी पुलिस अधिकारी द्वारा सार्वजनिक रूप से किसी अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट या अपमानजनक व्यवहार करना कानून के शासन एवं न्याय व्यवस्था की गरिमा के अनुरूप नहीं है। ऐसी घटनाएँ अधिवक्ता समाज के सम्मान और न्यायिक व्यवस्था में विश्वास को आघात पहुँचाती हैं।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्यायपालिका का अभिन्न अंग हैं और संविधान तथा विधि के शासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए अधिवक्ताओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना शासन एवं प्रशासन की भी जिम्मेदारी है। यदि घटना में संबंधित अधिकारी की भूमिका जांच में प्रमाणित होती है तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
श्री मिश्र ने उत्तर प्रदेश सरकार, पुलिस महानिदेशक तथा संबंधित उच्चाधिकारियों से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा अधिवक्ता रवि गौतम के साथ हुई कथित घटना के संबंध में न्यायोचित निर्णय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं से भी अपील की कि वे इस प्रकरण में कानूनसम्मत एवं लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर अधिवक्ता समाज के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए आवाज उठाएँ तथा किसी भी प्रकार की कार्रवाई सदैव विधि के दायरे में रहकर करें।













Leave a Reply