लोकेशन दूदू। सुरेश शर्मा की रिपोर्ट
उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेम चंद बैरवा के निर्देश
आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले में उप मुख्यमंत्री जन सुविधा केंद्र किये जायेंगे स्थापित
जिले के तीनों उपखंड मुख्यालय पर स्थापित होंगे जन सुविधा केंद्र
आमजन को नहीं लगाने पड़ेंगे अलग – अलग विभागों के चक्कर
उप मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जायेगी जनसमस्याओं के निस्तारण की मॉनिटरिंग
दूदू,
माननीय उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा के निर्देशानुसार दूदू विधानसभा क्षेत्र के आमजन की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी निस्तारण के लिए जिले के तीनों उपखण्ड मुख्यालयों पर उप मुख्यमंत्री जन सुविधा केन्द्रों की स्थापना की जायेगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाल परिहार ने बताया कि जिले की जनसमस्याओं के निराकरण व आमजन से जुड़े परिवादों की शीघ्र सुनवाई कर उनका समाधान करने के लिए माननीय उप मुख्यमंत्री महोदय द्वारा जिले के दूदू, मौजमाबाद व फागी उपखंड मुख्यालय पर उप मुख्यमंत्री जन सुविधा केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री महोदय के कार्यालय द्वारा जारी निर्देशानुसार दूदू,मौजमाबाद व फागी उपखंड मुख्यालय पर स्थापित होने वाले उप मुख्यमंत्री जन सुविधा केंद्र के लिए क्रमश: संबंधित उपखंड अधिकारी को नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर को पर्यवेक्षक अधिकारी बनाया गया है तथा संबंधित नोडल अधिकारी द्वारा उपखंड मुख्यालय पर सभी आवश्यक व्यवस्था कर उपमुख्यमंत्री जन सुविधा केंद्र की स्थापना करेंगे।
उन्होंने बताया कि नोडल अधिकारी जन सुविधा केन्द्र पर आमजन की समस्याओं से सम्बन्धी परिवादों को प्राप्त कर इनका संधारण करेंगे तथा नोडल अधिकारी के द्वारा परिवाद के निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभाग को प्रेषित करेंगे साथ ही परिवादी के सम्पर्क सूत्र मोबाईल नम्बर भी संधारित करेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाल परिहार ने बताया कि नोडल अधिकारी प्रत्येक सोमवार को उपखण्ड स्तरीय बैठक में सभी विभागों से जन सुविधा केन्द्रों पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा करेंगे एवं पर्यवेक्षक अधिकारी के माध्यम से साप्ताहिक प्रगति की जानकारी से उप मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत करवायेंगे। साथ ही जिला स्तर पर निस्तारण योग्य परिवादों का निस्तारण पर्यवेक्षक अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) द्वारा किया जायेगा एवं इसकी सूचना नोडल अधिकारी को भेजी जायेगी ताकि जन सुविधा केन्द्र पर प्राप्त परिवादों की अद्यतन स्थिति आमजन को उपलब्ध करवायी जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन समस्याओं का निस्तारण जिला स्तर पर सम्भव नहीं हो सकेगा,उन समस्याओं से सम्बन्धित परिवादों को पर्यवेक्षक अधिकारी माननीय उप मुख्यमंत्री कार्यालय को निस्तारण के लिए प्रेषित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री जन सुविधा केंद्रों पर प्राप्त होने वाली जन समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग एवं समन्वय उप मुख्यमंत्री कार्यालय के समन्वयक अधिकारी द्वारा किया जायेगा। समन्वयक अधिकारी द्वारा जिला स्तर पर अति.कलक्टर एवं पर्यवेक्षक अधिकारी से निरंतर सम्पर्क में रहकर उप मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा सम्बन्धित नोडल अधिकारी को समस्या निस्तारण की प्रगति से अवगत करवायेंगे ताकि राज्य स्तर पर अग्रेषित परिवादों पर की गई कार्यवाही की प्रगति जन सुविधा केन्द्र के माध्यम से आमजन को उपलब्ध करवायी जा सके।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि उपखंड मुख्यालयों पर जन सुविधा केंद्रों से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर शीघ्र जन सुविधा केंद्रों की स्थापना व संचालन करने के लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं।

















Leave a Reply