उद्यानकी वानिकी महाविद्यालय के लिए भूमि आवंटन का विरोध: GPM जिला प्रशासन का मनमानी रवैया, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का एकजुट विरोध।
आवागमन सुविधा अभाव वाले क्षेत्र में भूमि आवंटन का विरोध, शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण अंचल के क्षेत्रवासियों को दिक्कतें, मरवाही में 30 तारीख को वृहद आंदोलन का ऐलान,

सूरज यादव, गौरेला पेंड्रा मरवाही। GPM जिले के मरवाही तहसील के आवागमन सुविधा के अभाव वाले क्षेत्र में उद्यानकी एवं वानिकी महाविद्यालय के लिए भूमि आवंटन के खिलाफ नगर पंचायत मरवाही के नगर वासियों, ग्रामीणों और समस्त जनप्रतिनिधियों का विरोध लगातार जारी है। गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला प्रशासन ने महाविद्यालय के लिए बदरौड़ी और देवगंवा में भूमि आवंटित की है, लेकिन इस निर्णय से जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यहां आने-जाने के साधनों की कमी और इंटीरियर होने के कारण स्टाफ, स्टूडेंट्स और उनके परिजनों को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे शिक्षा के क्षेत्र में हमारे ग्रामीण अंचल के क्षेत्रवासियों को निरंतर रूप से आगे बढ़ने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा और रुकावटें आएंगी। और वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 का सपना पूरा होने में कही ना कही बाधा उत्पन्न होगी।

नगर पंचायत मरवाही अध्यक्ष का कहना है कि जिस मद की भूमि का चयन जिला प्रशासन ने किया है, उसी मद की भूमि नगर पंचायत मरवाही क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ भारी मात्रा में उपलब्ध है। कांग्रेस पार्टी के महामंत्री राकेश मसीह ने बताया कि कुम्हारी और पिपरडोल में सैकड़ों एकड़ जमीन आवागमन सुविधाजनक एरिया पर उपलब्ध है, साथ ही जानकारी के अनुसार बता दें कि पिपरडोल में 5 किसानों ने अपनी भूमि देने की बात कही है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी मरवाही को कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया है, जिसमें दो दिन में स्थल चयन के बारे में उचित निर्णय नहीं होने पर 30 तारीख को वृहद आंदोलन चक्काजाम करने के साथ साथ मरवाही बंद करने कि चेतावनी दी हैं।

इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे और अपने क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि वे जल्द से जल्द इस मामले में उचित निर्णय लें और महाविद्यालय के लिए सुविधाजनक स्थान पर भूमि आवंटित करें। ज्ञापन कार्यक्रम में जमुना जायसवाल, राकेश मसीह, शिवप्रताप राय, गुलाब सिंह, कमाल खान, शिवशंकर तिवारी, श्याम दुबे, पार्षद अमर गुप्ता, स्माइल खान, लक्ष्मी नारायण सरकार, सावन राय सहित क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।















Leave a Reply