राजीविका राजसमंद का राज्य स्तरीय ‘राजसखी मेला’ का हुआ शुभारंभ
“होली के रंग–राजीविका के संग” थीम पर द्वारकेश वाटिका, कांकरोली में आयोजन
न्यूज़ रिपोर्टर देवकरण गुर्जर सत्यार्थ न्यूज़
राजसमन्द

“होली के रंग–राजीविका के संग” थीम के साथ राजसमंद जिले में राज्य स्तरीय राजसखी मेला का भव्य शुभारंभ द्वारकेश वाटिका, कांकरोली में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने अपने संबोधन में बताया कि इस वर्ष मेले का विशेष आकर्षण राजीविका द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल है, जो पूर्णतः प्राकृतिक तत्वों से तैयार किया गया है। यह गुलाल छेत्री गुलाब, सीताफल एवं नीम की पत्तियों से बनाई जाती है, जबकि हजारे के फूल से पीली गुलाल तैयार की जा रही है। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए इन उत्पादों की मांग में वृद्धि की संभावना है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष मुख्यमंत्री कार्यालय को लगभग ₹37 लाख मूल्य की हर्बल गुलाल राजीविका राजसमंद द्वारा प्रेषित की गई थी।

अति मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. सुमन अजमेरा ने जानकारी दी कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले में 1,27,559 ग्रामीण परिवारों के 8803 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा आजीविका संवर्धन की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “लखपति दीदी” के तहत प्रत्येक स्वयं सहायता समूह सदस्य की वार्षिक आय ₹1 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे मेलों के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए व्यापक मंच उपलब्ध होता है, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव हो पाती है।

राजसमंद जिले में राजीविका मिशन से 1.25 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जिनमें से लगभग 70 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” श्रेणी में पहुंच चुकी हैं। मेले में राज्य के विभिन्न जिलों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, वस्त्र एवं अन्य घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। मेले में कुल 51 स्टॉल राजसमंद सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगाई गयीं।
मेले का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को सशक्त विपणन मंच प्रदान करना, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा शहर और गांव के बीच आर्थिक सहभागिता को सुदृढ़ करना है। अंत मे आभार व्यक्त राजस्थान राजीविका कार्मिक संघ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोशी ने किया ।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश श्रीमाली ,भावना पालीवाल,रुपेश पालीवाल,जिला प्रबधंक राजीविका भैरूलाल बुनकर, ने किया ।

कार्यक्रम में जिला तकनीकी विशेषज्ञ मुकेश कुमार नवल, भेरू लाल बुनकर,मनीष कुमार मेवाड़ा, दीपक चौधरी, डीआरसी इंचार्ज प्रीति लोधा,कमल मारू, लेखा पर्यवेक्षक हेमंत छिपा, महिला निधि क्षेत्रीय मैनेजर रणजीत नागर, कैशियर रविशंकर तिवाड़ी सहित समस्त ब्लॉक परियोजना प्रबंधक, एरिया कोऑर्डिनेटर, समस्त प्रोजेक्ट एसोसिएट मैनेजर,महिला निधि सहायक प्रबंधक, राजीविका स्टाफ एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1000 से अधिक मातृशक्ति उपस्थित रही।


















Leave a Reply