रीठी (कटनी): बड़गांव के निकट सीमेंट लदे ट्रक का भीषण हादसा, चालक गंभीर रूप से घायल

कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में बड़गांव गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मैहर से दमोह की ओर जा रहा सीमेंट की बोरियों से भरा ट्रक (क्रमांक MP 13 H 2229) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रक बड़गांव के पास पहुंचा ही था कि आगे चल रहे एक अन्य ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से पलटकर सड़क के किनारे गिर पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक को तुरंत रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया। फिलहाल चालक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात ठप रहा। रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए आवागमन बहाल कराया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती रहती है, जिसके कारण अक्सर ऐसे हादसे हो जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि आगे ऐसे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
















Leave a Reply