महुली में 78वें राजा बरियार शाह मेमोरियल फुटबॉल महाकुंभ का भव्य समापन, भटगांव छत्तीसगढ़ बना विजेता
(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार) महुली
(दुद्धी), सोनभद्र।
विकास खण्ड दुद्धी के महुली में आयोजित 78वें अंतर्राज्यीय राजा बरियार शाह मेमोरियल फुटबॉल महाकुंभ का रविवार को भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में भटगांव (छत्तीसगढ़) की टीम ने मेजबान महुली को कड़े संघर्ष में 1–0 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
नब्बे मिनट तक चले रोमांचक फाइनल मुकाबले के पहले हाफ के 28वें मिनट में भटगांव की ओर से जर्सी नंबर 7 के खिलाड़ी अनीश ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। गोल के बाद मैच का रोमांच चरम पर पहुंच गया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के कई बेहतरीन अवसर बनाए, लेकिन गेंद कभी गोलपोस्ट से टकराकर तो कभी शानदार बचाव के चलते गोल में तब्दील नहीं हो सकी। अंत तक कोई और गोल नहीं हो पाने के कारण भटगांव ने यह मुकाबला 1–0 से जीत लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी संजीव जौहरी ने विजेता टीम को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल जीवन का आधार है, इससे खिलाड़ियों के साथ-साथ समाज का मानसिक और शारीरिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि राजा बरियार शाह की यह धरती पिछले लगभग 80 वर्षों से खेल महाकुंभ की परंपरा को जीवित रखे हुए है, जो अपने आप में गौरव की बात है। इस क्षेत्र से अनेक महापुरुष निकले हैं, जिन्होंने प्रशासन और न्यायिक सेवा में देश का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक धरती पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीम के कप्तान को ट्रॉफी प्रदान की गई, वहीं उपविजेता महुली टीम को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
इस अवसर पर भुल्लू राम कन्नौजिया, जुबेर आलम, ब्लॉक प्रमुख रंजना मणि चौधरी, राजन चौधरी, समिति अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, दिनेश यादव, कमलेश कन्नौजिया, मनोज कन्नौजिया, दिलीप कन्नौजिया, मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र चौधरी, राजनाथ गोस्वामी, वीरेन्द्र कन्नौजिया, कलामुद्दीन सिद्दीकी, मुकेश कन्नौजिया, मनीष कन्नौजिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















Leave a Reply