कुरवाई विधानसभा को बीएमआर में शामिल करने की मांग को मिली बड़ी मजबूती

-कुरवाई विधानसभा क्षेत्र को भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन (BMR) में शामिल कराने की मांग अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है। इस संबंध में कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे द्वारा की गई पहल पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कुरवाई विधानसभा को बीएमआर में शामिल करने की अनुशंसा की है।
विदित हो कि विधायक हरि सिंह सप्रे ने पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र सौंपकर बताया था कि कुरवाई विधानसभा भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भोपाल से जुड़ा हुआ तथा तेजी से विकासशील क्षेत्र है। इसे बीएमआर से बाहर रखना क्षेत्र के संतुलित विकास के विपरीत है।
विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि कुरवाई विधानसभा को मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल किए जाने से सड़क, जल, बिजली, परिवहन जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के नए अवसर तथा शहरी सुविधाओं का लाभ ग्रामीण अंचलों तक पहुँच सकेगा।

पत्र में यह भी कहा गया है कि कुरवाई क्षेत्र रेल एवं सड़क मार्ग से बेहतर रूप से जुड़ा हुआ है, जिससे इसे बीएमआर में शामिल करना व्यवहारिक और विकासोन्मुख निर्णय होगा।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को दृष्टिगत रखते हुए कुरवाई विधानसभा को भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
संवाददाता शिवराज सिंह


















Leave a Reply