एसडीएम मनीष कुमार जैन ने किया शासकीय महाविद्यालय कुरवाई का निरीक्षण, छात्रों को दी प्रेरणा और विकास का आश्वासन

कुरवाई। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनीष कुमार जैन ने शासकीय महाविद्यालय कुरवाई का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सीताराम सैनी, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ए.के. चतुर्वेदी, एवं जनभागीदारी समिति सदस्य वरुण चौबे उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जैन ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उन्हें सफल व्यक्ति बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्वयं ब्लैकबोर्ड पर थ्योरी लिखकर छात्रों को समझाया और कहा कि लगन व परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी साझा किया कि अपने छात्र जीवन में उन्होंने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की, और चाहते हैं कि कुरवाई महाविद्यालय के छात्र भी जीवन में ऊँचाइयाँ हासिल करें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा और जल्द ही मरम्मत, रंग-रोगन, परिसर की साफ-सफाई, फ्री वाई-फाई सुविधा, कंप्यूटर लैब का विस्तार एवं छात्रों से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं का समाधान करने की बात कही।
एसडीएम जैन ने कहा कि वे समय-समय पर महाविद्यालय आकर छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे ताकि छात्र जीवन में नई ऊर्जा और दिशा प्राप्त कर सकें। उन्होंने महाविद्यालय को क्षेत्र का अग्रणी शैक्षणिक संस्थान बनाने का संकल्प भी दोहराया।
महाविद्यालय परिवार ने एसडीएम मनीष जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह मार्गदर्शन और सहयोग विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
संवाददाता शिवराज सिंह


















Leave a Reply