जयवर्धन बोले- पार्टी ने कुछ विशेष सोचकर जिम्मेदारी दी होगी:राहुल गांधी चाहते थे मजबूत नेता अध्यक्ष बने, जिसे दिक्कत वो पार्टी फोरम पर बात करें
भोपाल
सत्यार्थ न्यूज़ ब्यूरो चीफ भोपाल मध्य प्रदेश प्रवीण कुमार दुबे 8839125553

जयवर्धन सिंह से खास बातचीत।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के नामों का ऐलान होते ही पार्टी की गुटबाजी एक बार फिर सामने आ गई है। कई जिलों में नवनियुक्त जिला अध्यक्षों का विरोध सामने आया है। कई जगहों पर नाराज नेताओं ने इस्तीफे भी दिए हैं।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे और राघौगढ़ के विधायक जयवर्धन सिंह को गुना का जिला अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध हो रहा है। जयवर्धन सिंह के समर्थक इसे उनके कद का अपमान बता रहे हैं। डिंडौरी में भी कुछ ऐसा ही विरोध हो रहा है।
हालांकि जयवर्धन सिंह ने कहा कि पार्टी ने कुछ सोच समझकर ही जिम्मेदारी दी है। राहुल गांधी ने कहा था कि जिले का सबसे मजबूत नेता ही अध्यक्ष बने। उस सोच के अनुरूप मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि जिन्हें बात रखना है, उन्हें पार्टी फोरम पर ही बात करनी चाहिए।
गुना जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी मिलने के बाद दिल्ली से भोपाल आए जयवर्धन सिंह से दैनिक भास्कर ने बातचीत की।
सवाल: आप प्रदेश के बडे़ नेता हैं, अब गुना के जिला अध्यक्ष बने हैं क्या कहेंगे?
जयवर्धन: ये बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है, मप्र कांग्रेस और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में। एक प्रकार से ये हमारे नेता राहुल गांधी, खड़गे जी की यह सोच थी कि कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से मजबूत होना चाहिए। उसकी शुरुआत जिला स्तर से की गई है।
उन्होंने कहा- मेरा सौभाग्य है कि एक प्रकार से मुझे राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान में भाग लेने का मौका मिलेगा। हम सब मिलकर यही प्रयास करेंगे कि जिले स्तर पर हम ताकत से काम करें। कांग्रेस हर पंचायत और वार्ड तक पहुंचे। हम उस सोच पर काम करेंगे।
सवाल: कुछ आपके समर्थक नाराज हैं।
जयवर्धन: कभी कभार कुछ गलत फहमियां हो जातीं हैं। लेकिन, ऐसी बात नहीं हर एक कार्यकर्ता इसका महत्व समझ रहा है। जो नहीं समझ रहा मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि वो इसका महत्व समझें क्योंकि जब हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व ये कह रहा है कि संगठन सृजन के तहत पार्टी को मजबूत करना है तो एक-एक कार्यकर्ता को इसमें समर्पित भाव से काम करना चाहिए।
सवाल: क्या आपने जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी की थी?
जयवर्धन: सीधी बात है जो भी फैसला लिया गया है पार्टी के हित में हैं। हम सब इससे खुश भी हैं। बात दावेदारी करने या न करने की नहीं है। बात ये है कि अगर राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व समझता है कि आपको यहां काम करना है तो करना चाहिए।
सवाल: मुस्लिम वर्ग में भी नाराजगी है? अल्पसंख्यक वर्ग के दो ही अध्यक्ष बनाए?
जयवर्धन: मेरा सबसे कहना है कि जो भी बात है वो प्रदेश अध्यक्ष जी और प्रदेश प्रभारी के सामने रखें ताकि उनकी बात दिल्ली तक पहुंच पाए। लेकिन, अपनी बात पार्टी के फोरम पर संगठन के तहत अपनी बात रखें।
सवाल: आदिवासी कार्यकर्ता कह रहे हैं कि ओमकार मरकाम सीएम की रेस में थे?
जयवर्धन: ओमकार मरकाम बहुत वरिष्ठ नेता हैं। चार बार के विधायक हैं मप्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। साथ में राहुल गांधी ने ही उन्हें सीईसी में बहुत अहम सदस्य बनाया था। बहुत दिग्गज नेता हैं उनकी लोकप्रियता पूरे प्रदेश में हैं और देशभर में उनकी पहचान है। लेकिन जैसा मैंने कहा कि जिनको भी संगठन सृजन के तहत विशेष जिम्मेदारी दी गई है, कुछ विशेष सोचकर ही दी गई होगी।
जयवर्धन समर्थक नेता ने सोशल मीडिया पर जताया विरोध
गुना में कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री विश्वनाथ तिवारी ने जयवर्धन सिंह को जिला अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर की पोस्ट में लिखा- जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
तिवारी ने लिखा- जीतू पटवारी एवं मंडली ने युवा एवं प्रदेश के लोकप्रिय नेता जयवर्धन सिंह की लोकप्रियता से बौखला कर आलाकमान को गुमराह करके जिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि आज के समय में पूरे प्रदेश में कांग्रेस में जान सिर्फ जयवर्धन सिंह फूंक रहे हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से तीव्र निंदा करता हूं
















Leave a Reply