सत्यार्थ न्यूज़ भीलवाड़ा
अब्दुल सलाम कांग्रेस
मंदिर दर्शन के लिए स्कूटी पर जा रही तीन सहेलियों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 2 की मौत-

भीलवाड़ा
भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे भीलवाड़ा अजमेर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सोमवार सुबह मंदिर दर्शन के लिए स्कूटी पर जा रही तीन सहेलियों में से दो की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
बादशाह नेशनल हाईवे 48 पर सरेरी के निकट हुआ।
दुर्घटना में तीन सहेलियों में से दो की मौत हो गई।तीनों महिलाएं एक ही एक्टिवा पर सवार होकर महादेव मंदिर के दर्शन के लिए निकली थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह उस समय हुआ जब तीनों महिलाएं भीलवाड़ा शहर से कंवलियास के पास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर जा रही थीं। सरेरी क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाएं सड़क पर दूर-दूर जा गिरीं। हादसे में मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान सीता पिता राम धोबी निवासी भीलवाड़ा और रेखा (28) पत्नी सांवरमल बलाई निवासी भीलवाड़ा के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान चंचल नायक के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सीता और रेखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंचल नायक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया। घायल महिला की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों महिलाएं आपस में सहेलियां थीं और एक ही एक्टिवा पर सवार होकर मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक महिलाओं के शवों को रायला मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। साथ ही, हाईवे पर मौजूद टोल प्लाजा और अन्य संभावित स्थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सोमवार सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन, ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।















Leave a Reply