मध्य प्रदेश जिला आगर मालवा
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान
जिले के 96,066 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त में 19.21 करोड़ रुपये जारी

सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में देखा गया सजीव प्रसारण
केवीके आगर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
आगर मालवा, 2 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी, उत्तर प्रदेश से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त देश के किसानों को जारी की। इस दौरान आगर मालवा जिले के 96,066 किसानों को 19.21 करोड़ रुपये की राशि सीधे खातों में अंतरित की गई।

राशि अंतररण दिवस को जिलेभर में पीएम किसान दिवस के रूप में मनाया गया। विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों और किसानों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित कर सजीव प्रसारण देखा गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र आगर में आयोजित हुआ। इसमें जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरूसिंह चौहान, प्रेम यादव, कृषि समिति अध्यक्ष सुंदरलाल यादव, किसान संघ के प्रांताध्यक्ष डुंगरसिंह सिसोदिया, किसान संघ के जिला महामंत्री राघुसिंह चौहान उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने किसानों से अपील की कि निधि की राशि का उपयोग कृषि यंत्रों और आधुनिक तकनीकों के क्रय में करें ताकि लागत कम हो और उत्पादन बढ़े। उन्होंने वैज्ञानिक मार्गदर्शन में उन्नत खेती करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरूसिंह चौहान ने किसानों से राशि का उपयोग दीर्घकालिक संसाधनों में करने की सलाह दी जिससे आमदनी बढ़े और खेती लाभकारी बन सके।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विजय चौरसिया ने योजना की विशेषताएं एवं सरकार की किसान हितैषी नीतियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों ने दूसरों को भी इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जैविक हाट बाजार में 24,760 रुपये का विक्रय
कार्यक्रम में जैविक हाट बाजार लगाया गया, जिसमें 10 किसानों ने अपने जैविक उत्पादों का कुल 24,760 रुपये का विक्रय किया।

कार्यक्रम में तहसीलदार विजय सेनानी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनीष कुमार और कृषि विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन मुकेश कुमार चन्द्रपुरी (तकनीकी सहायक) और राहुल बामनिया (सूचना सहायक) ने किया। आभार ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक मेहरबान सिंह यादव ने व्यक्त किया।

















Leave a Reply