विदिशा जिला ब्यूरो संजीव शर्मा
एसपी महोदय के निर्देश पर थाना/चौकी स्तर पर बस और नाव चालकों की बैठकें आयोजित

भारी वर्षा की आशंका के बीच पुल-पुलियों व गहरे पानी में सतर्कता बरतने के निर्देश
वाहन चालकों व सरपंचों की बैठकों के दौरान जनहानि रोकने के लिए जागरूकता के संदेश दिए गए
विदिशा पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के नेतृत्व में जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बस मालिकों, स्टैंड संचालकों, चालकों, कंडक्टरों और नाव संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें बरसात के दौरान सतर्कता बरतने एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
जिले में आगामी दिनों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए सभी को यह निर्देशित किया गया कि यदि किसी पुल, पुलिया या रपटे पर अधिक पानी हो तो वाहन, पशु या व्यक्ति वहाँ से न निकलें, क्योंकि बहाव में बहने अथवा डूबने की आशंका रहती है। पानी बढ़ने की स्थिति में तत्काल सूचना देकर बल बढ़ाने और विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में विभिन्न थानों में बैठकें आयोजित की गईं:

थाना शमशाबाद में थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार एवं उपनिरीक्षक प्रकाश भिलाला द्वारा बस ऑपरेटर्स, चालकों और नौका संचालकों की बैठक लेकर निर्देश दिए गए कि पुल-पुलियों व रपटों पर पानी होने की स्थिति में वाहन न निकालें। नाव चालकों को निर्देशित किया गया कि गहरे पानी में नाव न ले जाएं, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और नाव में लाइफ जैकेट, रस्सी आदि सुरक्षा उपकरण अवश्य रखें।
थाना कुरवाई थाना प्रभारी आर. के. मिश्र एवं पुलिस चौकी सतपाड़ा हाट में सरपंचों, बस ऑपरेटर्स, ड्राइवरों और नाव चालकों के साथ बैठक लेकर समझाइश दी गई कि जनहानि रोकने के लिए इन नियमों का पालन करें।
गंज बासौदा, थाना यातायात प्रभारी श्री निरपत सिंह लोधी एवं सूबेदार रीतेश बाघेला द्वारा बस स्टैंड पर बस संचालकों एवं ड्राइवरों को भारी बारिश के समय पुल-पुलियों या रपटों पर पानी बहते वक्त वाहन न निकालने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी से अपेक्षा की गई कि वे दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, खुद सुरक्षित रहें और आमजन की सुरक्षा में सहयोग करें। जिले में सभी थाना क्षेत्रों में इसी तरह लोगों को जागरूक करने का क्रम जारी है।

















Leave a Reply