Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जिला ग्रीवेंस समिति की मासिक बैठक में सुनी शिकायतें

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जिला ग्रीवेंस समिति की मासिक बैठक में सुनी शिकायतें

7 शिकायतों को किया डिस्पोज, 4 रखीं लंबित 

पलवल, 07 मई
कृष्ण कुमार छाबड़ा
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में विकास के लिए एचआरडीएफ के तहत टाइड व अनटाइड का आगामी फंड पिछले फंड की अकाउंटिंग के बाद ही प्रदान किया जाएगा। इसलिए अधिकारी आगामी बैठक में ग्राम पंचायतों में अब तक खर्च किए गए फंड का पूर्ण ब्यौरा लेकर अवश्य आएं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बुधवार को जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देशित कर रहीं थीं। उन्होंने इस अवसर पर एजेंडा में शामिल कुल 11 शिकायतों को सुना और 7 का मौके पर ही समाधान करवाया।
बैठक में गांव मीठाका के ग्राम पंचायत समिति सदस्य साकिर की मीठाका में आंगनवाड़ी भवन के अधूरे कार्य को पूरा करवाने से संबंधित पंचायती राज के खिलाफ शिकायत में कार्यकारी अभियंता ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को अवगत करवाते हुए कहा कि यह कार्य शुरू कर दिया गया है और मई महीने के अंत तक पूर्ण कर दिया जाएगा। गांव घर्रोट निवासी गंगाधर की जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित तथा पलवल की ज्योति की हैफेड से जमीन छुड़वाने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अब तक की जांच रिपोर्ट प्रार्थी को उपलब्ध करवाएं ताकि वह अपनी अर्जी सिविल कोर्ट में दायर कर सकें। वहीं बढ़ा गांव के रहने वाले कल्लू की लोक निर्माण विभाग में डीसी रेट की नौकरी से निकाल देने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को अवगत करवाया कि यह जांच अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा जारी है तथा कल्लू को फिलहाल कॉन्ट्रैक्ट के तहत नौकरी पर रख लिया गया है तथा उसे जल्द ही स्वीकृति पत्र भी प्रदान कर दिया जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत कुशक निवासी प्रियंका की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री आरती सिंह राव ने विधायक होडल हरिंद्र सिंह को दोनों पक्षों का आपसी सद्भाव के साथ समझौता करवाने की जिम्मेदारी सौंपी।
इसी प्रकार गांव धतीर के सरपंच दुष्यंत डागर की खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले संंबंधी शिकायत की सुनवाई करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ को संबंधित राशन डिपो धारक के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पीरगढ़ी के रहने वाले चंद्रपाल की विकास एवं पंचायत विभाग में चौपाल पर अवैध कब्जे संंबंधी शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री ने बीडीपीओ को गांव में मौके पर जाकर अवैध कब्जा हटवाने के संदर्भ में कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिए। गांव गढ़ी विनोदा निवासी महेंद्र प्रताप की लोक निर्माण विभाग से संबंधित शिकायत पर मंत्री आरती सिंह राव ने अतिरिक्त उपायुक्त को इस मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। रायपुर के रहने वाले विजयपाल की पुलिस विभाग में आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करवाने संबंधित शिकायत की जांच कर समाधान करवाने के लिए एसडीएम ज्योति को निर्देश दिए। गांव कारना के अनूप सिंह की सेवारत सैनिक के भूमि विवाद का समाधान करवाने की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने तहसीलदार को जमीन तकक्षीम करने के लिए निर्देशित किया। आली विहार नई दिल्ली के रहने वाले जय प्रकाश की बिजली निगम में बिल जमा न करने संबंधी शिकायत पर अधिकारियों ने मंत्री आरती राव को विश्वास दिलाया कि आगामी माह जून तक प्रार्थी का रिफंड कर दिया जाएगा।
इस दौरान विधायक सहित परिवाद समिति के सदस्यों ने भी कई शिकायतें प्रस्तुत की, जिनके उचित समाधान के लिए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर होडल विधायक हरिंद्र सिंह, हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, पूर्व विधायक रामरत्न, भाजपा के जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, एसडीएम ज्योति, एसडीएम गुरमीत सिंह, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, नगराधीश अप्रतिम सिंह, एमडी शुगर मील विकास यादव सहित विभागीय अधिकारी तथा समिति सदस्य और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!