*प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नामों का सत्यापन अवश्य करें : डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर*

*- 21 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रपत्र-8 भरकर एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरण के लिए कर सकते हैं आवेदन*
कृष्ण कुमार छाबड़ा
पलवल, 3 जुलाई
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम, पते तथा अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं और वे चाहते हैं कि परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में शामिल हों, तो वे निर्धारित अवधि 21 जुलाई 2026 से 20 अगस्त 2026 के दौरान प्रपत्र-8 भरकर मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नए पात्र मतदाता फॉर्म-6 भरते समय परिवार के पहले से पंजीकृत सदस्य का पूरा विवरण सही-सही दर्ज करें और आवेदन उसी मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराएं, जहां परिवार के अन्य सदस्यों के नाम दर्ज हैं। इससे परिवार के सभी सदस्यों का पंजीकरण एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, संशोधन या अन्य सहायता के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध “बुक ए कॉल” सुविधा का उपयोग कर सकते हैं अथवा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और समय रहते अपने मतदाता विवरणों का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कराने का आग्रह किया।

















Leave a Reply