ब्यूरो चीफ मंजीत डाबला महेन्द्रगढ़ हरियाणा
राज्य हरियाणा जिला महेन्द्रगढ़
13/03/2025
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश अनुसार प्रदेश में 15 मार्च से सरसों की सरकारी खरीद होगी शुरू उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ली बैठक
हरियाणा महेन्द्रगढ़ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश अनुसार प्रदेश में 15 मार्च से सरसों की सरकारी खरीद शुरू होगी। जिला महेंद्रगढ़ में इन्हीं तैयारी को लेकर उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने आज लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रबी खरीद सीजन-2025 में सरकारी खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5950 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश है कि फसल बेचने के 48 से 72 घंटे के अंदर-अंदर किसान के खाते में उसकी फसल की रकम डाल दी जाए। अधिकारी इस टाइमलाइन की पालना सुनिश्चित करें।
डीसी ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में मेरी फसल- मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 90436 से किसानों ने 324751 एकड़ के लिए पंजीकरण करवाया है। एक दिन में एक किसान 25 किवंटल सरसों ला सकता है। इनमें से 85936 किसानों ने 273233 एकड़ में सरसों का पंजीकरण करवाया है। इन्हीं पंजीकृत किसानों की सरसों न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी।
इस बार जिला महेंद्रगढ़ में कुल 1.50 लाख एमटी सरसों खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
डीसी ने किसानों से आह्वान किया है कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह से सुखाकर और साफ करके लेकर आएं।
इस बैठक में उपायुक्त ने पर्याप्त मात्रा में बारदाना रखने के निर्देश दिए। वहीं मंडियों में शौचालय, कैंटीन तथा बिजली-पानी की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
इस बैठक में एसडीएम रमित यादव, डीएसपी हरदीप सिंह, एएफएसओ अरुण सैनी, डीएम वेयर हाउस रेखा मलिक, डीएम हैफेड प्रवीण भारद्वाज के अलावा सभी मंडियों के सचिव तथा आढ़ती संगठन के प्रधान भी मौजूद थे।
जिला में ये होंगे खरीद केंद्र
नारनौल। उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने बताया कि जिला की छह मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद होगी।
अटेली, महेंद्रगढ़ तथा नांगल चौधरी की अनाज मंडी में हैफेड द्वारा खरीद की जाएगी जबकि कनीना, नारनौल और सतनाली में वेयरहाउस खरीद करेगा।
नकली सरसों पर रहेगी कड़ी नजर, तुरंत दर्ज होगी एफआईआर
नारनौल। उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने नकली सरसों की सूचना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस को इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जब अधिकारियों द्वारा नकली सरसों का नमूना दिखाया गया तो सभी हैरान रह गए। इसकी बनावट तथा रंग पूरी तरह से सरसों की तरह दिखता है। जब इसे पानी में डालते हैं तो इसकी मिट्टी बन जाती है।
डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में खरीद से लेकर गोदाम के अंदर पहुंचने तक इस मामले पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सरसों के बैग पर संबंधित आढती का मार्का लगाया जाए ताकि भविष्य में भी अगर सरसों में गड़बड़ मिलती है तो कार्रवाई की जा सके।