नकली और अमानक कीटनाशक विक्रेताओं के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें
अवैध रेत उत्खनन को लेकर खनिज अधिकारियों को फटकार
संवाददाता गोविन्द दुबे उदयपुरा

रायसेन/ प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कृषि अधिकारी को जिले में कीटनाशक दुकानों का सतत् निरीक्षण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी नकली या अमानक कीटनाशकों या उर्वरकों का विक्रय ना हो। नकली या अमानक कीटनाशकों का विक्रय करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसी प्रकार जिले में नरवाई में आग लगाने की घटनाओं को रोकने किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। सहायक संचालक कृषि ने बताया कि जिले में नरवाई या पराली के उचित प्रबंधन हेतु प्रचार रथ के माध्यम से किसानों को समझाईश दी जा रही है। जिले में सुपरसीडर और हेपीसीडर से बुवाई को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसान भाईयों और समाजसेवियों से सम्पर्क कर गौशालाओं में भूसा उपलब्ध कराएं।
•अवैध रेत उत्खनन होने पर खनिज अधिकारी को फटकार
बैठक में खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने जिले में रेत के अवैध उत्खनन की बात करते हुए कहा कि जिले में रेत खदानों से लगातार बड़ी मात्रा में अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इससे शासन को रॉयल्टी का नुकसान हो रहा है। इसके बाद भी खनिज अमले द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जनता को रेत सही कीमत पर मिलना चाहिए, लेकिन रेत खदानों के समीप रहने वाले ग्रामीणों को ही ऊंची कीमत पर रेत लेना पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने जिले में अवैध रेत उत्खनन होने पर खनिज अधिकारी श्री सुमित गुप्ता को कड़ी फटकार लगाते हुए रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खनिज अधिकारी से कहा कि कल से ही कार्रवाई का प्रभाव दिखना चाहिए नहीं तो स्वयं कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
सीएम राइज स्कूल भवनों का समयावधि में निर्माण पूर्ण कराएं
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने निःशुल्क साईकिल वितरण योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, सीएम राइज स्कूलों तथा परीक्षा संचालन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का भुगतान हो। इसी प्रकार निर्माणाधीन सीएम राईज स्कूल भवनों का पूर्ण गुणवत्ता के साथ समयावधि में निर्माण कार्य पूरा कराएं। उन्होंने निर्माण एजेंसी मप्र भवन विकास निगम के अधिकारी से निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने निर्धारित मापदण्ड और प्रकिया की जानकारी लेते हुए जनप्रतिनिधियों से कहा कि वह भी निर्माण कार्यो की सतत् मॉनीटरिंग करें और कहीं भी कमी या शिकायत होने पर अवगत कराएं।
प्रभारी मंत्री ने हितग्राही विद्यार्थियों को स्कूली वितरण तथा लैपटॉप वितरण की भी जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में 126 विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदाय हेतु तथा 1407 विद्यार्थियों को लेपटॉप हेतु राशि वितरण की गई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा कुछ स्कूलों का उदाहरण देते हुए स्कूल की छुट्टी के दौरान सड़क पार करने के दौरान दुर्घटना होने की संभावनाओं पर ध्यान आकृष्ट कराने पर प्रभारी मंत्री ने एसपी तथा संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
छात्रावासों का व्यवस्थित संचालन करें, छात्रवृत्ति से पात्र विद्यार्थी वंचित ना रहे
अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने छात्रवृत्ति योजनाओं में विद्यार्थियों को राशि भुगतान, छात्रावासों के संचालन, सुरक्षा तथा समुचित व्यवस्थाओं आदि की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि छात्रावासों का व्यवस्थित संचालन हो। तीन वर्ष से एक ही जगह नियुक्त अधीक्षकों का स्थानांतरण किया जाए। बैठक में भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में विगत पांच वर्ष से दो छात्रावास भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद भी रिक्त है। जिला संयोजक ने बताया कि छात्रावासों हेतु स्टॉफ की नियुक्ति नहीं होने तथा स्वीकृति नहीं मिलने के कारण छात्रावास शुरू नहीं हो पाए हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने वरिष्ठ कार्यालय को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही कर आगामी सत्र में छात्रावास प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों में सुरक्षा, स्वच्छता तथा शैक्षणिक परिवेश हेतु जरूरी सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में धरती आबा अभियान, पीएम जनमन योजना आदि के तहत किए गए कार्यो के बारे में भी जानकारी दी गई।
अवैध कॉलोनाईजरों पर करें सख्त कार्रवाई
नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने पीओ डूडा को निर्देश दिए कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सेवाएं मिले। अवैध कॉलोनियां ना पनपे और जो पहले से हैं, उनके कॉलोनाईजर पर सख्त कार्रवाई की जाए। नागरिकों की समस्याओं का समयावधि में निराकरण हो तथा कर वसूली में तेजी लाएं। प्रभारी मंत्री ने पेजयल की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि पानी व्यर्थ ना बहे, नलों में टोटियां अनिवार्य रूप से लगी हों। खुला पानी बहने पर पहले समझाईश दें तथा सुधार ना होने पर जुर्माना लगाएं। जनप्रतिनिधियों द्वारा निकायों में अतिक्रमण की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराने पर प्रभारी मंत्री ने पीओ डूडा तथा अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने अभियान चलाकर बिना भेदभाव के कार्रवाई की जाए। प्रभारी मंत्री द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के बारे में जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए।
काम अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदारों पर एफआईआर के साथ रिकवरी कराएं
पीएचई विभाग तथा जल निगम की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने जिले में संचालित एकल तथा समूह नलजल परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक गांव में हर घर में नल से जल पहुंचाना है। पानी व्यर्थ ना बहे, इसके लिए नागरिकों को जागरूक करें। साथ ही पाईपलाइन में टूट-फूट होने पर तुरंत मरम्मत कराएं। गांव में प्रत्येक नल में टोटी अवश्य लगवाएं। पीएचई और जल निगम के अधिकारी धरातल पर काम करें, समय से रखरखाव हो! पेयजल संकट की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि अधूरी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराएं। जिन ठेकेदारों द्वारा काम नहीं किया जा रहा है उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाए। काम छोड़कर भागने वाले ठेकेदारों के विरूद्ध एफआईआर कराएं तथा रिकवरी भी कराएं। दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।
















Leave a Reply