Advertisement

पढ़ें जिले व आस-पास की खबरें एक साथ

सत्यार्थ न्यूज श्रीडूंगरगढ़-सवांददाता मीडिया प्रभारी

1.घर में काम करते समय दीवार गिरने से व्यक्ति की मौत

नोखा थाना क्षेत्र के धुपालिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की दीवार गिरने से मौत हो गई। इस संबंध में धर्मदास ने नोखा पुलिस थाने में मर्ग दर्ज करवाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मदास के भाई जगदीश घर में काम कर रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई। हादसे में जगदीश दीवार के मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2.29 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

29 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बीकानेर। शहर के सदर पुलिस थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रिंस खुराना (29) पुत्र हरभजन, निवासी सुभाषपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक मानसिक परेशानी से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

3.ट्रोले-कार की भिड़ंत, सरकारी अकाउंट्स ऑफिसर 3 भाइयों की मौत

कार और ट्रोले की भिड़ंत में सरकारी अकाउंट्स ऑफिसर सहित तीन भाइयों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी शवों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। हादसा सोमवार देर रात करीब साढे़ 11 बजे जिले के रतनगढ़ थाना इलाके में मेगा हाईवे पर लधासर गांव के पास हुआ। मृतक रतनगढ़ में सगाई समारोह में शामिल होकर सरदार शहर लौट रहे थे। रतनगढ़ थाने के हेड कॉन्स्टेबल सुखबीर सिंह ने बताया कि मृतकों में रतनगढ़ नगरपालिका के लेखाधिकारी अरुण सोनी (50) भी हैं। एक्सीडेंट में उनके बुआ के बेटे श्रीगंगानगर के निवासी डिम्पल सोनी (35) और सरदारशहर के पंकज सोनी (32) की भी मौत हो गई। पंकज सोनी अकाउंट्स ऑफिसर के चाचा के बेटे थे। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। अरुण सोनी के शव को कार से निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। पुलिस के अनुसार भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार को उड़ाने के बाद ट्रोला भी हाईवे पर ही पलट गया। इस कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम रहा। वहीं, गाड़ी में फंसे लोगों को पुलिस रतनगढ़ के जालान हॉस्पिटल लेकर पहुंची। जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को केस दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

4.साईकिल सवार को क्रेन ने कुचला,मौत

साईकिल सवार को क्रेन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा नोखा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार नोखा इंडस्ट्रीज एरिया से साईकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे व्यक्ति को क्रेन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक लखारा शिव मंदिर के पास रहने वाला राजू पुत्र भगवानाराम है। जानकारी के अनुसार राजु अपनी साईकिल से घर लौट रहा था। इस दौरान क्रेन से कुचले जाने के कारण उसकी मौत हो गई। शव को बागड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

5.सोशल मीडिया पर अर्नगल गालियां देने वाला आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर लाइव आकर जाति सूचक व अर्नगल गालियां निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जसरासर पुलिस द्वारा की गई है। दरअसल इस संबंध में मुकदमा दर्ज हुआ है। जिस पर पुलिस ने फेसबुक व इंस्टाग्राम पर लाइव आकर जाति सूचक व अर्नगल गालियां निकालने वाले आरोपी बगसेउ निवासी रामसिंह उर्फ रामस्वरुप पुत्र किसनाराम को अहमदाबाद गुजरात से दस्तयाब किया गया। आरोपी के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाये जाने पर नोखा सीओ द्वारा गिरफ्तार किया गया।

6.काम करते छत से गिरने से मजदूर की मौत

रंगा कॉलोनी में छत से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना 8 फरवरी की बताई जा रही है। इस संबंध में मुक्ताप्रसाद पुलिस थाने में डूडी पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले शैतान गिरी ने मर्ग दर्ज करवाई है। प्रार्थी ने बताया कि उसका छोटा भाई रंगा कॉलोनी में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान काम करते समय वह छत से गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

7.अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, 25 वर्षीय युवक की मौत

सड़क पर अचानक पशु आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे गंभीर घायल युवक की ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना कोलायत थाना क्षेत्र में सात फरवरी को गुडा फांटा पर हुई। इस संबंध में मृतक के भाई रोहित सिंह भाटी ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवायी है। जिसमें बताया कि सात फरवरी को उसका ताऊ का लड़का भवानी सिंह (25) पुत्र सादुल सिंह निवासी गुडा अपनी मोटरसाईकिल से अपने गांव गुडा जा रहा था। इस दौरान अचानक सामने से नील गाय आने से मोटरसाईकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे भवानी सिंह को चोटें लगी। परिजन पीबीएम अस्पताल लेकर आए, जहां ईलाज के दौरान मौत हो गई।

8.बुजुर्ग ने हाथ की काटी नस फिर कुंडी में फस गया बुजुर्ग का मुंह और हो गयी मौत

बीकानेर के सदर थाना क्षेत्र में सादुल कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय सोमिल पालीवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसके पिता 74 वर्षीय श्रवण पालीवाल ने सोमवार को अपने हाथ की नस काट ली व फिर पानी की कुंडी में उतरने लगे। कुंडी के मुंह में फंस गए तो परिवादी की माँ ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया व मर्ग दर्ज कर जांच एएसआई अशोक अदलान को सौंप दी।

9.28 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे आकर दी जान।

नोखा थाना क्षेत्र में जोरावरपुरा निवासी 25 वर्षीय श्रीराम पुत्र मुरलीधर सोनी ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसके 28 वर्षीय भाई विक्रम सोनी ने सोमवार को शाम करीब सवा सात बजे रेल पटरियों पर ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया व मर्ग दर्ज कर जांच एसआई राधेश्याम को दी है।

10.अचानक बिगड़ी तबीयत, हुई मौत।

जेएनवीसी थाना क्षेत्र में उदासर निवासी 25 वर्षीय प्रतापसिंह पुत्र चंद्रसिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि सोमवार को करीब 11 बजे उसके ताऊ 45 वर्षीय मालूसिंह पुत्र गिरधारीसिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया व मर्ग दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामावतार को दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!