अगले सप्ताह से शुरू होगी एमपी बोर्ड 10वीं 12वीं की परीक्षा
सिरोंज जिला विदिशा
रिपोर्टर- देवेंद्र विश्वकर्मा
बोर्ड परीक्षा में दिखेगी चुनाव जैसी सख्ती, पेपर लीक मामले को रोकने किए गए बदलाव

केन्द्राध्यक्ष नहीं रख पाएंगे मोबाइल, जीपीएस से ट्रैस होंगे, कक्षाओं में ही खुलेगा प्रश्नपत्र का लिफाफा
10वीं, 12वीं के 32183 छात्र 75 केंद्रों में देंगे परीक्षा
थाना से प्रश्न पत्र उढ़ाने के साथ कलेक्टर प्रतिनिधि और केन्द्राध्यक्षों को लेनी होगी सेल्फी हर ब्लाक में पैनल बनाए जाएंगे, संवेदनशील केन्द्रों में कलेक्टर के प्रेक्षक थाना स्तर पर तैनात होंगे
विदिशा, दिनांक 06 फरवरी 2025
बोर्ड परीक्षा में चुनाव जैसी सख्ती देखने को मिलेगी। केन्द्राध्यक्षों के पास भी परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन नहीं होगा। अब केन्द्रों में पेपर के लिफाफे नहीं खोले जाएंगे। भोपाल से ही बैठक व्यवस्था के हिसाब से पेपर सेट होकर आएंगे। थाना से प्रश्न पत्र उठाते समय कलेक्टर प्रतिनिधि और केन्द्राध्यक्षों को सेल्फी लेनी होगी। थाना से केन्द्र तक मोबाइल नंबर ट्रैस किया जाएगा। इतना ही नहीं, परीक्षा शुरू होने के पहले केन्द्राध्यक्षों, सहायक केन्द्राध्यक्षों और कलेक्टर प्रतिनिधियों को ट्रेकिंग से गुजरना पड़ेगा। ज्ञात हो कि फरवरी में ही बोर्ड परीक्षा की शुरुआत होनी है। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने वाले मामलों पर रोक लगाने के लिए इस मर्तबा माध्यमिक शिक्षा मंडल ने और सख्ती बरती है।
बुधवार को परीक्षा की तैयारियों और नियमों को लेकर माशिमं अध्यक्ष के साथ सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी और शिक्षा विभाग के अधिकारी वीसी में जुड़ें थे। माशिमं अध्यक्ष ने बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारियों से अधिकारियों को अवगत कराया है।
विदिशा एनआईसी व्हीसी कक्ष में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर के ठाकुर सहित अन्य अधिकारी वीसी में जुड़े थे।
सीधे कक्ष में खुलेगा प्रश्न पत्र का लिफाफा
बोर्ड परीक्षा में गोपनीयता को बनाए रखने के लिए इस बार भोपाल से ही कक्षावार छात्रों की संख्या के हिसाब से लिफाफे तैयार कर समन्वयक संस्था भेजे जाएंगे। समन्वयक संस्था से लिफाफे केन्द्रों को वितरित होंगे। इस बार केन्द्रों में पहुंचने के बाद प्रश्न पत्र छात्र संख्या और कक्ष के हिसाब से तैयार नहीं होंगे। पहले से ही लिफाफे सेट होकर कक्ष वार पहुंचेंगे। प्रश्न पत्र के लिफाफे सीधे पर्यवेक्षक कक्ष में छात्रों के सामने ही खोलेंगे और वितरण करेंगे।
30 मिनट पहले पहुंचना होगा
छात्रों को परीक्षा से आधा घंटा पहले परीक्षा हाल में पहुंचना होगा। 15 मिनट पूर्व परीक्षा कॉपी का वितरण किया जायेगा। इसके पश्चात प्रश्न पत्र दिये जायेंगे। परीक्षाएं तीन घंटे तक चलेंगी। परीक्षा के लिए कई जांच दल बनाए जा रहे हैं। जिन्हें जल्द ही ट्रेनिंग दी जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों में कलेक्टर प्रतिनिधियों के द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी जहां कलेक्टर प्रतिनिधियों के अलावा किसी को भी मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है।
विदिशा जिले में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा को निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए तमाम प्रबंध सुनिश्चित किये जा रहे हैं। गौरतलब हो कि सत्र 2024-25 के लिए कुल 75 परीक्षा केंद्र जिले में बनाए गए हैं। जिनमें से तीन संवेदनशील और 8 अति संवेदनशील भी शामिल हैं।
हाई स्कूल की परीक्षा में परीक्षार्थियों की कुल संख्या 18893 है, जिसमें 16759 नियमित तथा 2134 स्वाध्यायी परीक्षार्थी शामिल हैं। हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में 13290 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे जिसमें नियमित 11611और स्वाध्यायी 1679 परीक्षार्थी शामिल हैं।
जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 30 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होंगे। सभी 75 परीक्षा केंद्रों पर लाइट एवं फर्नीचर की व्यवस्था पूरी की जा चुकी है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के अलावा बालक और बालिकाओं के लिए पृथक पृथक प्रसाधन की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केन्द्र के 100 मीटर का दायरा रहेगा –
प्रतिबंधित क्षेत्र माध्यमिक शिक्षा मंडल के द्वारा बोर्ड परीक्षा के संबंध में जारी दिशा निर्देशों के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर का दायरा श्प्रतिबंधित क्षेत्रश् रहेगा।
लोकेशन -सिरोंज जिला विदिशा
रिपोर्टर- देवेंद्र विश्वकर्मा

















Leave a Reply