गणेश तिवारी कांकेर :- कांकेर जिले के ठेकेदारों की मुख्यमंत्री से मुलाकात: लंबित भुगतान और भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज़

कांकेर जिले के विद्युत ठेकेदारों ने रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस बैठक में ठेकेदारों ने जिले में पदस्थ अनुभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग को हटाने की मांग के साथ ही कई वर्षों से लंबित भुगतान और कर्मचारियों द्वारा ठेकेदारों को कार्यालयों में घुमाने की शिकायत की।
अधिकारियों ने ठेकेदारों को आश्वासन दिया कि दो से तीन दिनों में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और लंबित भुगतान शुरू किया जाएगा। ठेकेदारों ने अधिकारियों को बताया कि कैसे बाहरी ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए स्थानीय ठेकेदारों को काम से वंचित किया जा रहा है। इसके चलते पिछले तीन वर्षों से स्थानीय ठेकेदारों को न काम मिला है और न ही कोई भुगतान हुआ है।
स्थानीय ठेकेदारों ने पहले भी अपनी समस्याओं को लेकर उप मुख्यमंत्री और कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो वे धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर ठेकेदार मनीष सदानंद, सौरभ डहरीया, अभिषेक पांडे, शशांक अवस्थी, गजेंद्र तिवारी और नितिन दावे मौजूद थे।
यह घटना कांकेर जिले के ठेकेदारों की समस्याओं और स्थानीय प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीरता को उजागर करती है।

















Leave a Reply