छ.ग. विशेष संवाददाता :- राजेन्द्र मंडावी कांकेर जिले में सायबर सुरक्षा पखवाड़ा अभियान प्रारंभ, जागरूकता रथ को हरी झंडी

कांकेर। पुलिस मुख्यालय, रायपुर के दिशा-निर्देशानुसार कांकेर जिले में सायबर अपराधों के रोकथाम हेतु विशेष “सायबर सुरक्षा पखवाड़ा अभियान” का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के. एलेसेला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। 5 अक्टूबर 2024 से 19 अक्टूबर 2024 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सायबर अपराधों से बचाव हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में सायबर वालेंटियर्स की नियुक्ति की जाएगी, जो पुलिस के साथ मिलकर लोगों को सायबर ठगी, धोखाधड़ी, अनजान व्हॉट्सएप कॉल, फर्जी लिंक, एटीएम फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से की जाने वाली ठगी जैसी समस्याओं से सचेत करेंगे। लोगों को जागरूक करने के लिए सायबर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें उन्हें बताया जा रहा है कि कैसे वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रख सकते हैं और किसी भी प्रकार की ठगी की स्थिति में सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। 
शासकीय महाविद्यालय नरहरपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोड़ेकुर्स में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा छात्रों को सायबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई है। आज दिनांक को कांकेर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सायबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रवाना किया गया, ताकि सायबर अपराधों से बचाव हेतु व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके।
सायबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें:

1. सायबर सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य लोगों को ठगी से बचाकर उनकी धन-संपत्ति की रक्षा करना है।
2. अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षा सेटिंग्स के माध्यम से सायबर अपराध से सुरक्षित रखें।
3. केवल विश्वसनीय स्रोत से एप्लिकेशन इंस्टॉल करें और पासवर्ड, पिन पैटर्न, या बायोमेट्रिक जानकारी किसी से साझा न करें। 
4. फर्जी और लालचपूर्ण फोन कॉल से सावधान रहें।
5. अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर की सर्विसिंग या बिक्री से पहले सभी संवेदनशील एप्लिकेशन को डिलीट करें।

















Leave a Reply