संवाददाता:- हर्षल रावल

चारों आरोपी दो दिन की रिमांड पर, घर से हॉकी-सरिया बरामद, 5वें संदिग्ध की तलाश जारी आमलारी गांव के बहुचर्चित अभय राजपुरोहित हत्याकांड में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों मुख्य आरोपियों जिनमें पिता और उसके तीन बेटे सम्मिलित हैं, बुधवार को स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गयापुलिस ने वारदात की गहराई से जांच करने, हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और अन्य मददगारों का पता लगाने के लिए कोर्ट से आरोपियों की चार दिन की रिमांड मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
हमले में उपयोग हथियार बरामद:-
रिमांड मिलने के पश्चात पुलिस की एक विशेष टीम आरोपियों को लेकर उनके घर पहुंची। वहां की गई तलाशी के दौरान पुलिस ने एक हॉकी स्टिक और लोहे का भारी सरिया बरामद किया है। शुरुआती जांच और चोटों के निशानों को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि अभय राजपुरोहित पर जानलेवा हमला करने के लिए इन्हीं हथियारों का उपयोग किया गया था। अब पुलिस इन हथियारों को लेकर भी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी से खुला पांचवें आरोपी का राज:-
इस पूरे हत्याकांड में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस को जांच के दौरान घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इन फुटेज को खंगालने पर एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया है। पुलिस को पुख्ता शक है कि यह युवक भी इस वारदात की साजिश में सम्मिलित था और इसी ने मुख्य आरोपियों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घटनास्थल तक पहुंचाया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पांचवां संदिग्ध भी आमलारी क्षेत्र का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित कर गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।
आगे बढ़ सकती है गिरफ्तारियों की संख्या:-
थाना पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यह जांच अभी अपने शुरुआती चरण में है। दो दिन की रिमांड के दौरान आरोपियों से इस हत्याकांड के पीछे की वास्तविक कारण, पुरानी रंजिश और घटना की पूरी प्लानिंग के बारे में सच उगलवाया जाएगा।
जांच अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ पूरी होने के पश्चात मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
















Leave a Reply