*गदपुरी टोल प्लाजा पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया, कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास*

कृष्ण कुमार छाबड़ा
पलवल, 22 जून
भारत की प्राचीन योग परंपरा का महत्व आज संपूर्ण विश्व में स्वीकार किया जा चुका है। शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए योग अत्यंत लाभकारी है। इसी उद्देश्य के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गदपुरी टोल प्लाजा पर टोल प्लाजा प्रशासन एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में टोल प्लाजा के सभी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाचार्य यशपाल गोयल ने प्रतिभागियों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एचआर पवन कुमार, एपीएम अंजय शुक्ला तथा पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के मुख्य संयोजक आर्यवीर लॉयन डॉ. विकास मित्तल ने कहा कि योग की उत्पत्ति भारत में हजारों वर्ष पूर्व हुई थी और आज यह संपूर्ण मानवता के स्वास्थ्य एवं कल्याण का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार है।
कार्यक्रम में प्लाजा मैनेजर अनुज कुमार तथा क्लब की सहसंयोजक अल्पना मित्तल ने उपस्थित कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि योग स्वयं, समाज, प्रकृति और संपूर्ण विश्व के साथ सामंजस्य स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संदेश “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” को अपनाते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर टोल प्लाजा परिसर में सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह एवं स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में गदपुरी टोल प्लाजा के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।















Leave a Reply