सुसनेर सिविल अस्पताल में अव्यवस्थाओं का खुलासा, एसडीएम किरण बरवड़े का अचानक निरीक्षण

मरीजो से किया संवाद, सफ़ाई व्यवस्था, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली व निर्माण की गुणवत्ता पर जताई नाराज़गी
सत्यार्थ न्यूज़ संवाददाता मनोज कुमार माली सोयत कला नगर से
सुसनेर। नगर के पुराना बस स्टैंड स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सुसनेर एसडीएम किरण बरवड़े अचानक निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंच गईं। दोपहर करीब डेढ़ बजे किए गए इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई, जहां कई जगह अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। मरीजो से सीधा संवाद किया, सफ़ाई व्यवस्था देखी, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली व निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी जताई।
बिल्डिंग निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही:
निरीक्षण के दौरान प्रसूति वार्ड व दवा वितरण में पानी लीकेज की समस्या सामने आई। नलों की टोटियां खराब व शौचालय में टूट फुट नजर आई। सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही व खामिया देखने में आई। सीबीएमओ ने बताया की मेरे अटैचमेंट अवधि में मेरी गैर मौजूदगी में बिल्डिंग को हैंडओवर किया गया है। बिल्डिंग बनाने वाली एजेंसी पुलिस हाउसिंग बोर्ड को पत्र भेजकर कमियो की जानकारी दी गई है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
सफाई वयवस्था पर जताई नाराजगी :
वार्डों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। कई जगहों पर मरीजों के पलंग पर बेडशीट तक उपलब्ध नहीं थी, जिससे मरीजों को काफी असुविधा हो रही थी। इन व्यवस्थाओं को देखकर एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों पर नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मरीजो से सीधा संवाद कर देखी स्थिति :
एसडीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी सीधे संवाद किया और उनसे अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों में वितरण होने वाले भोजन की जानकारी ली। भोजन बनाने वालो से चर्चा में वेतन नही मिलने की बात भी सामने आई। मरीजों ने उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं बताई। मरीजों की शिकायतें सुनने के बाद एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने के निर्देश दिए।
कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी
एसडीएम के निरीक्षण में कर्मचारियों की गैरमौजूदगी व योग्यता के अनुरूप कार्य व्यवस्था नही होने की शिकायत भी सामने आई। चीफ बीएमओ डॉ. राजीव बरसेना द्वारा लापरवाही बरतने के मामले में तीन कर्मचारियों को पूर्व में ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए थे। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं हो, इसके लिए कर्मचारियों को सख्त हिदायत भी दी गई।
प्रसूति वार्ड में स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही :
निरीक्षण में प्रसूति वार्ड में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा गर्भवती महिलाओं के उपचार में लापरवाही, डॉक्टर के निर्देश का पालन, आवश्यक क्षेत्र में कैमरो का अभाव जैसी बातें सामने आई जिस पर एसडीएम स्वास्थ्यकर्मियों को फटकार लागते हुए मरीजों का प्राथमिकता से उपचार करने की हिदायत व कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
अस्पताल प्रबन्धन को लगाई फटकार
एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं और उपचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान पटवारी मोहित नागर सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।















Leave a Reply