विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की सूची

सवाई माधोपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की जानकारी देते हुए मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की सूची सौंपी गई। साथ ही उपस्थितजनों को पात्र नागरिक के मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की जानकारी भी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके तहत 4 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना कार्य पूर्ण करने के बाद 16 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले में कुल 9,71,777 मतदाता दर्ज थे। प्रारूप प्रकाशन के समय विधानसभा क्षेत्रवार गंगापुर में 2,50,299, बामनवास में 2,36,272, सवाई माधोपुर में 2,39,183 तथा खण्डार में 2,46,023 मतदाता शामिल थे। उन्होंने बताया कि 16 दिसम्बर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस दौरान जिले में कुल 22,172 फार्म-6, 4,313 फार्म-7 तथा 11,153 फार्म-8 प्राप्त हुए, जिनका निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नियमानुसार निस्तारण किया गया। इसके उपरांत आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 9,94,525 मतदाता हैं, जिनमें 5,33,208 पुरुष, 4,61,311 महिला तथा 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रारूप सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 2.34 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। विधानसभा क्षेत्रवार गंगापुर में 2,55,967, बामनवास में 2,42,113, सवाई माधोपुर में 2,45,048 तथा खण्डार में 2,51,397 मतदाता दर्ज किए गए हैं। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को चारों विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक हार्ड कॉपी एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। मतदाता सूची निर्वाचन विभाग राजस्थान की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in और https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है, जहां कोई भी मतदाता ईपिक सर्च के माध्यम से अपना नाम देख सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना अथवा संशोधन एक सतत प्रक्रिया है। इसके लिए फार्म-6, 7 एवं 8 ईसीआईनेट एप, वोटर पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। किसी प्रविष्टि के संबंध में असंतोष होने पर अंतिम प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा उसके बाद जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से असंतुष्ट होने पर 30 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान के समक्ष द्वितीय अपील प्रस्तुत की जा सकती है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भाजपा से सुरेश चंद्र जैन एवं हरिओम गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से घनश्याम मीणा, राजेश पहाड़िया, पवन बडगोत्या एवं अजय शर्मा, सीपीएम से रामगोपाल गुणसरिया एवं रईस अहमद अंसारी तथा आम आदमी पार्टी से बत्तीलाल एवं प्रेमराज मीणा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

















Leave a Reply