सत्यार्थ न्यूज़भीलवाड़ा
अब्दुल सलाम रंगरेज
भीलवाड़ा में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम सख्त- अतिक्रमण पर चला पीला पंजा-

भीलवाड़ा शहर में विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम प्रशासन सख्त है।शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान और ज्यादा आक्रामक नजर आया। निगम ने सख्त रूख अपनाते हुए आवागमन को सुलभ बनाने के लिए निरंतर अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है जिसमें अतिक्रमण के रूप में कच्चे व पक्के निर्माण व टिनशेड निर्माण को हटाया जा रहा है। निगम का पीला पंजा हरीसेवा मार्ग और प्रताप टाकिज व आस-पास के इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर जारी रहा। काफी समय से जमे पक्के अतिक्रमणों पर सीधी कार्रवाई करते हुए चबूतरों को ध्वस्त कर दिया गया। दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगाए गए टीनशेड और केबिनों को भी हटवा दिया गया। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

निगम सूत्रों के अनुसार हरीसेवा मार्ग पर कई व्यापारियों ने दुकानों के आगे स्थायी और अस्थायी निर्माण कर सार्वजनिक मार्ग को संकरा कर दिया था। पक्के निर्माण कर सडक़ की जमीन घेर ली गई थी, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी मशीन मौके पर उतारी और एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को तोड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने विरोध किया और नाराजगी जाहिर की लेकिन निगम दस्ते ने साफ कर दिया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इसके बाद निगम का दस्ता प्रताप टाकिज के बाहर और आजाद चौक क्षेत्र पहुंचा, जहां फुटपाथ और सडक़ पर फैले अतिक्रमणों को हटाया गया। अस्थायी ढांचे और अन्य कब्जों को हटाकर रास्ता खाली कराया गया। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
शहर में लगातार चल रही इस सख्त कार्रवाई से यह साफ संकेत दिया गया है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को अब किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी।
















Leave a Reply