सौसर में बनेगा खाटू श्याम का भव्य मंदिर: देवपुजारी परिवार ने भूमि दान की, फसाटे परिवार ने दिया 21 लाख का सहयोग
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना — जिले के सौसर नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह के बीच श्री खाटू श्याम मंदिर निर्माण समिति की महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती मंगल भवन में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सौसर में खाटू श्याम का भव्य एवं दिव्य मंदिर शीघ्र ही निर्मित किया जाएगा।
इस पवित्र कार्य के लिए नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. एकनाथ देवपुजारी के सुपुत्र किशोर देवपुजारी एवं उनके परिवार ने अत्यंत श्रद्धा भाव से 2500 वर्गफीट भूमि का दान कर समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इसी क्रम में नगर के प्रख्यात व्यवसायी पुरुषोत्तम फसाटे एवं उनके परिवार ने 21,00,000 रुपये की उदार राशि दान कर मंदिर निर्माण के प्रति अपनी आस्था और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इन महत्वपूर्ण दानों से मंदिर के आधार निर्माण एवं प्रारंभिक संरचनात्मक कार्यों को गति मिलेगी। निर्माण कार्य शुभ मुहूर्त में शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
समिति ने दोनों दानदाता परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंदिर समाज में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही निर्माण प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।
मंदिर निर्माण समिति के सदस्य लाला पवार एवं हर्षल फसाटे ने बताया कि 1 दिसंबर, एकादशी के पावन पर्व पर मोहगांव रोड स्थित डॉ. देवपुजारी एन्क्लेव में श्री खाटू श्याम नाम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री शिवराय संगठन द्वारा विशाल भंडारा भी आयोजित किया जाएगा।
समिति ने नगर के सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं एवं समाजसेवियों से आग्रह किया है कि वे इस भव्य मंदिर निर्माण में आर्थिक सहयोग, सामग्री दान या श्रमदान के माध्यम से सहभागी बनकर धर्म एवं समाज सेवा में अपना योगदान दें।


















Leave a Reply