Advertisement

जनजातीय गौरव दिवस 2025 के अंतर्गत आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई एवं विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

जनजातीय गौरव दिवस 2025 के अंतर्गत आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई एवं विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार एवं राज्य शासन के आदेशों के परिपालन में जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य में जिले के सभी आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई एवं विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती के समापन अवसर पर 1 नवम्बर से 15 नवम्बर 2025 तक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए पाँचवाँ जनजातीय गौरव दिवस सम्मानपूर्वक मनाया जाएगा।
पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार 13 नवम्बर 2025 को समस्त आदि सेवा केन्द्रों पर पहली जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर सामुदायिक सुझाव, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा तथा पंचायती राज संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, यूथ क्लबों एवं आदि कर्मयोगी कैडर की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भगवान बिरसा मुण्डा एवं अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही 15 नवम्बर 2025 को सभी ग्रामों एवं आदि सेवा केन्द्रों पर विशेष ग्राम सभाएँ आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य “गौरव, विकास और सम्मान” की भावना को सशक्त बनाना रहेगा। पैसा क्षेत्रों में इन सभाओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की कार्यवाही, फोटोग्राफ एवं निष्कर्ष जनजातीय गौरव वर्ष पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिसके बाद राज्यवार सारांश रिपोर्ट मंत्रालय को प्रेषित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 नवम्बर को प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी ग्राम सभाओं में दिखाया जाएगा, ताकि सभी ग्रामीणजन इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!