हर्षल रावल
26 दिसंबर, 2024
सिरोही/राज.
आबूरोड में रेलवे आरक्षण कार्यालय के बाहर सो रही मासूम बच्ची को सांड ने कुचला

________
सिरोही। आबूरोड रेलवे स्टेशन पर बीती रात्रि एक दु:खद हादसा हुआ, जब आरक्षण कार्यालय के बाहर सो रही तीन वर्ष की मासूम बच्ची को सांड ने कुचलकर मार डाला। दुर्घटना में लड़की की मृत्यु हो गई। घटना के बाद स्थानीय टैक्सी चालकों ने लड़की और उसके परिवार की सक्रिय सहायता की, लेकिन रेलवे प्रशासन पूरी घटना से अनजान बना रहा।
यह घटना रात्रि करीब डेढ़ बजे घटी। मुंद्रा (पाली) निवासी गुलाब (40) अपनी पत्नी कन्या (35) और चार बच्चों के साथ गुजरात जाने की तैयारी में रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर के बाहर सो रहे थे। इसी बीच स्टेशन परिसर में घूम रहा एक सांड वहां पहुंचा और तीन वर्षीय राधिका को कुचल दिया। लड़की की चीख सुनकर परिवार के लोग जाग गए और सहायता के लिए चिल्लाने लगे।
मौके पर उपस्थित टैक्सी चालकों और अन्य यात्रियों ने सांड का पीछा किया और घायल लड़की को तुरंत अकरभट्ट सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के पश्चात टैक्सी चालकों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए लड़की के शव और उसके परिजनों को मुंद्रा भेजने की व्यवस्था की। घटना के पश्चात रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया।
इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी विकास कुमार मीना से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। स्टेशन अधीक्षक महेंद्र प्रताप यादव ने घटना के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि यह रेलवे सुरक्षा बल का मामला है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम शंकरलाल मीना व तहसीलदार मंगलाराम मीना मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, लड़की के परिवार ने कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और शव को लेकर अपने गांव लौट गए।

















Leave a Reply