Advertisement

बीकानेर-राजस्थान के 23 जिलों में दो दिन लू का रेड- अलर्ट सीजन का सबसे गर्म दिन, अभी और तपाएगा सूरज, घर से निकलें तो सावधान रहें!

न्यूज रिपोर्टर मनोज मूंधड़ा बीकानेर श्रीडूंगरगढ़

राजस्थान में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। भीषण गर्मी से पिछले तीन दिन में 22 लोग जान गंवा चुके हैं। शनिवार को फलोदी में पारा 50 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम के इस मिजाज से फिलहाल दो दिन तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आज और कल राज्य के 23 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 29-30 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। बावजूद इसके गर्मी तेज ही रहेगी। मौसम की स्थिति देखें तो शनिवार को भी राज्य में भीषण गर्मी रही। दिन में अधिकांश शहर हीटवेव की चपेट में रहे। गर्मी के कारण कई शहरों और कस्बों में दिन में अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। बाड़मेर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर में कल गर्मी का सबसे ज्यादा प्रकोप रहा। बीकानेर में कल सीजन का सर्वाधिक तापमान दर्ज हुआ।
8 शहरों में पारा 46 से ऊपर
राजस्थान में कल जबरदस्त गर्मी रही। 8 शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। फलोदी के अलावा बाड़मेर 48.8, जैसलमेर 48, बीकानेर 47.2, चूरू 47, जोधपुर 46.9, गंगानगर 46.5, और कोटा में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
आज 23 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज और कल 23 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें दिन के साथ रात में भी तेज लू चलने की आशंका जताई है। फोरकास्ट के मुताबिक जालोर, बाड़मेर, पाली, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, चूरू, नागौर, कोटा, बारां, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, झालावाड़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के साथ अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौडग़ढ़ और प्रतापगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 मई को बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, गंगानगर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर और धौलपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि हनुमानगढ़, जालौर, पाली, अजमेर, जयपुर, सीकर, दौसा, करौली, टोंक, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां और चित्तौडग़ढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!