सत्यार्थ न्यूज़ रिपोर्टर: अनंत कुमार
पेयजल संकट से परेशान युवक 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा, तीन घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में रविवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पेयजल समस्या से परेशान एक युवक अपनी मांगों को लेकर लगभग 150 फीट ऊंचे ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में खलबली मच गई तथा मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरी गांव निवासी 20 वर्षीय सोनू गुप्ता पुत्र रामखेलावन गुप्ता लंबे समय से अपने मोहल्ले में व्याप्त पेयजल संकट से परेशान था। युवक का आरोप था कि उसने कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। लगातार उपेक्षा से नाराज होकर उसने विरोध के स्वरूप यह कदम उठाया और ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। युवक ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक ग्राम प्रधान मौके पर आकर पेयजल समस्या के समाधान का भरोसा नहीं देंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। इस दौरान बताया गया कि ग्राम प्रधान का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

लगभग तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व प्रधान कृष्णा अग्रहरी, परिजनों और गांव के गणमान्य लोगों ने युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अंततः ब्लॉक स्तर से पेयजल समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिलने के बाद युवक शांत हुआ और रात करीब आठ बजे सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया।
युवक के नीचे उतरते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान किया जाए तो इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सकता है।













Leave a Reply