उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन प्रबुद्धजन एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में हुए शामिल,

सूरज यादव,गौरेला पेण्ड्रा मरवाही।18 जून 2026/ प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन जिला प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सांस्कृतिक भवन मंगली बाजार गौरेला में आयोजित प्रबुद्धजन एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। लगातार तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार का गठन होना जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सफलता का प्रमाण है। यह 140 करोड़ भारतीयों की विकास गाथा है, जिसमें सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को धरातल पर उतारा गया है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय मोदी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। देश की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाते हुए भारत को विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। सड़क, रेल और डिजिटल क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में सड़कों का निर्माण हो रहा है और वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारत की नई पहचान बन चुकी है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि डिजिटल इंडिया, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास की स्वीकृति मिली है। मुफ्त राशन, पीएम किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मंत्री श्री देंवागन ने कहा कि महिलाओं को मिले आरक्षण, तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में किए गए कार्यों तथा युवाओं और किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, गांवों में सीसी रोड, आंगनबाड़ी भवन, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीण भारत की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा देश के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।














Leave a Reply