वन विभाग के नाक के नीचे से चोरी हुआ बेशकीमती चंदन, डिप्टी रेंजर शिवशंकर तिवारी के घर के सामने से पेड़ गायब,
मरवाही वनमण्डल में सुरक्षा पर उठे सवाल, दुर्लभ चंदन के पेड़ की अवैध कटाई से विभाग में हड़कंप,

सूरज यादव,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वनमण्डल में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय परिसर के भीतर डिप्टी रेंजर शिवशंकर तिवारी के घर के सामने से एक बेशकीमती चंदन का पेड़ अज्ञात लोगों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के घर के सामने से ही दुर्लभ पेड़ का इस तरह गायब हो जाना वन अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।


मरवाही वनमण्डल क्षेत्र में चंदन जैसे बेशकीमती वृक्ष बेहद दुर्लभ माने जाते हैं। ऐसे में कार्यालय परिसर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान से ही पेड़ का अवैध तरीके से कट जाना विभाग की लापरवाही को उजागर करता है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि जब अधिकारी के घर के सामने से चंदन सुरक्षित नहीं है, तो जंगल के भीतर वृक्षों की क्या स्थिति होगी।


गौरतलब है कि मरवाही वनमण्डल अवैध कटाई के मामलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है। ताजा घटना ने विभाग की निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल चोरी करने वालों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन इस घटना ने पूरे अमले को कटघरे में ला खड़ा किया है।















Leave a Reply