एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अनाज मंडी जगराओं में गेहूं की सरकारी खरीद का औपचारिक आगाज़

विधायक सरबजीत कौर मानूंके की मौजूदगी में पहली ढेरी की खरीद
प्रशासन का दावा: किसानों को मंडियों में नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी
लुधियाना (पंकज कुमार शर्मा): एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अनाज मंडी के रूप में प्रसिद्ध जगराओं की दाना मंडी में आज रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं की सरकारी खरीद का औपचारिक तौर पर शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर हलका जगराओं से विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूंके विशेष रूप से पहुंचीं और उनकी उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गेहूं की पहली बोली लगवाकर सीजन की शुरुआत करवाई गई।
मंडी में गेहूं की फसल लेकर पहुंचे गांव राऊवाल के किसान रविंदर सिंह (पुत्र सुरिंदर सिंह) की फसल की खरीद ‘जमींदार ट्रेडर्स’ (आढ़ती) के माध्यम से की गई। यह खरीद सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से हुई। खरीद की शुरुआत के मौके पर विधायक मानूंके ने उपस्थित अधिकारियों और आढ़तियों का मुंह मीठा करवाकर सीजन के सफल संचालन की कामना की। इस दौरान विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें पनग्रेन के डीएफएसओ बेअंत सिंह और जसपाल सिंह, मार्कफेड के मैनेजर जसवंत सिंह, पनसप के मैनेजर हरप्रीत सिंह, वेयरहाउस से विजय कुमार, मार्केट कमेटी के सचिव गुरविंदर सिंह और लेखाकार रविंदर पब्बी शामिल थे।
किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा: विधायक मानूंके
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक बीबी सरबजीत कौर मानूंके ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसानों और आढ़तियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मंडियों में अपनी मेहनत से उगाई फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी किसान या आढ़ती को कोई समस्या आती है तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर तुरंत किया जाएगा, क्योंकि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रबंध पूरे, बारदाने की कोई कमी नहीं
खरीद प्रबंधों के बारे में जानकारी देते हुए पनग्रेन के डीएफएसओ बेअंत सिंह ने बताया कि गेहूं के मौजूदा सीजन को ध्यान में रखते हुए संबंधित एजेंसियों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंडियों में बारदाने या अन्य जरूरी सामग्री की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
दूसरी ओर, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जगपाल सिंह कलेर ने कहा कि आढ़ती समुदाय किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वे सरकार और प्रशासन के साथ पूरा तालमेल बनाकर काम करेंगे ताकि किसानों को आने वाली किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
इस मौके पर अन्य लोगों के अलावा आढ़ती एसोसिएशन के सरपरस्त प्रो. सुखविंदर सिंह ‘सुखी’, चेयरमैन सुरजीत सिंह कलेर, सचिव प्रहलाद सिंगला, दर्शन सिंह सिद्धवां, हरपाल सिंह हांस, मनजिंदर सिंह खेहरा, विश्व रतन, धर्मिंदर भारद्वाज, राजेश बांसल, मंगत राय बांसल, दीदार सिंह मल्क, नितिन बबलू, धीरज वर्मा, अरुण कोहली, कुलविंदर सिंह, रमेश बांसल, जगमीत सिंह बुट्टर, मनोज कुमार, संदीप बांसल, वनीत कुमार, नीटा अग्रवाल, गौरव मैणी, बलविंदर सिंह भंमीपुरा, करण मित्तल, परमजीत सिंह पम्मा, महिंदर सिंह खुदाई चक्क, परमजीत सिंह हांस, रमेश कुमार गोयल, सोनू ढंड, निर्मल कुंदरा, तरसेम लाल, बूटा सिंह विरक, राहुल सिंह, कुलदीप सिंह शेख दौलत, जर्नैल सिंह रसूलपुर, रणजीत सिंह बल्ल, नरेश थापड़ और राहुल बांसल सहित काके कलां से किसान यूनियन के प्रधान जगरूप सिंह अपने साथियों समेत उपस्थित रहे।

















Leave a Reply