Advertisement

14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे से कुकर्म के बाद हत्या मामले की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे से कुकर्म के बाद हत्या मामले की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना/दोराहा (पंकज कुमार शर्मा):

दोराहा क्षेत्र में एक 14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे के साथ कथित रूप से कुकर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को एक छप्पड़ में फेंकने के संवेदनशील एवं दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि घटनास्थल से कोई प्रत्यक्ष तकनीकी साक्ष्य अथवा सीसीटीवी फुटेज न मिलने के बावजूद गहन जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर उसे काबू किया गया है।

आरोपी की पहचान मन्नी कुमार पुत्र देव सिंह निवासी मकान नंबर 883, जैलदार मोहल्ला, दोराहा, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एसपी (आई) पवनजीत चौधरी, डीएसपी (आई) मोहित कुमार सिंगला तथा डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा की निगरानी में पुलिस टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को ऐतिहासिक गुरुद्वारा कटाना साहिब के निकट जंगल क्षेत्र में रहने वाले एक 14 वर्षीय दिव्यांग बच्चे के अचानक लापता होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए दोराहा पुलिस ने तुरंत खोज अभियान शुरू कर दिया तथा तलाशी के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस एक छप्पड़ तक पहुंची, जहां से गोताखोरों की मदद से बच्चे का शव बरामद किया गया। इस संबंध में थाना दोराहा में मुकदमा नंबर 109 दिनांक 07.05.2026 के तहत धारा 103, 238 बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। घटनास्थल जंगल एवं सुनसान क्षेत्र में होने के कारण न तो वहां कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद था और न ही कोई अन्य प्रत्यक्ष डिजिटल अथवा तकनीकी सुराग हाथ लगा। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने विभिन्न पहलुओं से जांच को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों से पूछताछ की, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया तथा मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच का दायरा और अधिक सीमित किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वैज्ञानिक जांच एवं खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जिसे जिला संगरूर के भवानीगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर कम उम्र के बच्चों और बुजुर्गों को अपना निशाना बनाता रहा है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी यौन अपराधों से संबंधित मामले दर्ज हैं, जिनकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है तथा आरोपी से की जा रही पूछताछ के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी अन्य समान प्रकृति के मामलों से भी कोई संबंध रहा है या नहीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!