Advertisement

व्यापारियों की मांग पर एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तुरंत दिए ट्रैफिक सुधार के आदेश

व्यापारियों की मांग पर एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तुरंत दिए ट्रैफिक सुधार के आदेश


अवैध कब्जों पर कार्रवाई, डाकघर से गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब तक सर्विस लेन करवाई गई खाली, ट्रैफिक में बाधा डालने वालों को सख्त चेतावनी
लुधियाना / खन्ना 02 जून
खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। शहर के विभिन्न बाजारों का दौरा कर व्यापारिक संगठनों के साथ आयोजित बैठक के दौरान जैसे ही ट्रैफिक जाम और सर्विस लेनों पर हुए अवैध कब्जों का मुद्दा सामने आया, उसके तुरंत बाद पुलिस और नगर कौंसिल की टीमें मैदान में उतर गईं। कुछ ही समय में शहर के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया।बैठक के दौरान व्यापारियों ने एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया को बताया कि सर्विस लेनों पर किए गए कब्जे, सड़कों पर खड़ी रेहड़ियां और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।व्यापारियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तत्काल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश जारी कर दिए। उनके आदेश पर डीएसपी ट्रैफिक कर्मवीर तूर और ट्रैफिक इंचार्ज कुलजीत सिंह ने नगर कौंसिल की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया।अभियान के दौरान डाकघर से लेकर गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब तक सर्विस लेनों और सड़क किनारों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान कई रेहड़ियों को भी वहां से हटाया गया, जिनके कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क और सर्विस लेन पर कब्जा करने की कोशिश न करें।डीएसपी कर्मवीर तूर ने कहा कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी ट्रैफिक में बाधा डालता पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों को बेहतर और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़कों और सर्विस लेनों पर अतिक्रमण न करें तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। व्यापारिक संगठनों ने भी एसएसपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्या को गंभीरता से सुनकर तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इससे शहर के प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!