GPM जिले के जनप्रतिनिधि मुंबई में सीखेंगे आदर्श पंचायत का पाठ, पांच दिवसीय नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम का आगाज,
डिजिटल पंचायत व वित्तीय प्रबंधन के गुर सीखेंगे जनप्रतिनिधि, विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की तैयारी,
महाराष्ट्र के मॉडल गांवों का दौरा करेंगे जीपीएम जिले का प्रतिनिधिमंडल।

सूरज यादव, गौरेला पेंड्रा मरवाही। जीपीएम जिले के जनप्रतिनिधि आदर्श पंचायत का पाठ पढ़ने के लिए मुंबई रवाना हुए हैं। पांच दिवसीय नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि डिजिटल पंचायत व वित्तीय प्रबंधन के गुर सीखेंगे। विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए छत्तीसगढ़ के जिला पंचायत सदस्यों का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुंबई में शुरू हुआ है। जीपीएम जिले की अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह सहित सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल हवाई मार्ग से मुंबई के लिए रवाना हुआ। मुंबई स्थित रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी संस्थान में आवासीय प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि ग्रामीण विकास और सुशासन, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल पंचायत व्यवस्था व आजीविका संवर्धन और सामुदायिक भागीदारी जैसे विषयों पर प्रशिक्षित होंगे। प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ का यह दल महाराष्ट्र के उन गांवों का दौरा करेगा जिन्होंने देश में विकास का मॉडल पेश किया है।

प्रतिनिधिमंडल समाजसेवी अन्ना हजारे के ग्राम रालेगण सिद्धि और जल संरक्षण के लिए मशहूर हिवरे बाजार जाएगा। वहां जल संवर्धन, पारदर्शी प्रशासन और कृषि उन्नयन के सफल प्रयोगों को देखकर वे इसे अपने जिले की ग्राम पंचायतों में लागू करने की योजना बनाएंगे।

जिला पंचायत सभापति भंवर सिंह गोवास ने कहा कि यह प्रशिक्षण जीपीएम जिले की ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, सशक्त और मॉडल पंचायत बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। और वहीं जिला पंचायत सभापति गोवस ने भावुक होते हुए बताया कि यह आज मुझे हवाई जहाज से मुंबई जाने का अवसर मेरे जिला पंचायत क्षेत्र के जनताओं के आशीर्वाद फलस्वरूप मिला हैं, मैं अपने जिला पंचायत क्षेत्र के सभी मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।

















Leave a Reply