Advertisement

रूस में फंसे पीलीभीत के 6 युवक सुरक्षित लौटे वतन: केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की कोशिशें लाईं रंग

सत्यार्थ न्यूज़ चैनल रिपोर्टर अमित दीक्षित

रूस में फंसे पीलीभीत के 6 युवक सुरक्षित लौटे वतन: केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की कोशिशें लाईं रंग

पीलीभीत। जनपद के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रूस में बीते कई महीनों से फंसे पीलीभीत के छह युवक सकुशल भारत लौट आए हैं। इन युवकों की सुरक्षित घर वापसी में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत सांसद श्री जितिन प्रसाद की सक्रिय पहल और भारत-रूस के विदेश मंत्रालयों का आपसी सहयोग निर्णायक साबित हुआ।
एजेंट के धोखे से रूस में फंसे थे युवक
रोजगार की तलाश में दिल्ली के एक एजेंट के माध्यम से ये युवक रूस भेजे गए थे। हालांकि, एजेंट द्वारा सही जानकारी न दिए जाने के कारण युवक वहां की विषम परिस्थितियों में फंस गए। हालात इतने खराब थे कि युवकों के मोबाइल रिचार्ज नहीं हो पा रहे थे और उनके निवास स्थान से वाई-फाई सुविधा भी हटा दी गई थी, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना एक बड़ी चुनौती बन गया था।
किसान नेता और सांसद के प्रयास से मिली मदद

नेटवर्क मिलने पर युवकों ने अपनी आपबीती के ऑडियो और वीडियो संदेश व्हाट्सएप के जरिए किसान नेता देव स्वरूप पटेल को भेजे। इसके बाद परिजनों ने 22 जनवरी को पूरनपुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर मदद की गुहार लगाई।
केंद्रीय मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल भारत और रूस के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क साधा और युवकों की लोकेशन ट्रैक करवाकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वतन वापसी: अपनों के बीच लौटे युवक
7 फरवरी की शाम को मॉस्को से रवाना होकर सभी छह युवक 8 फरवरी की सुबह 4:00 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। दिल्ली में किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने उन्हें रिसीव किया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बीसलपुर लाया गया।
वापस लौटे युवकों की सूची:
राजा बाबू पासवान
छोटेलाल पासवान (लालपुर)
गिरीश कुमार राजपूत (खगाई)
महेश पाल राजपूत (लालपुर)
रामवीर कश्यप
बेगराज कश्यप (अधकटा)
बीसलपुर में भव्य स्वागत और आभार


बीसलपुर पहुंचने पर समाजसेवी डॉ. प्रथमेश भारद्वाज के आवास पर युवकों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिला मंत्री आयुष मिश्रा, चीनी मिल डायरेक्टर राजू भैया शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
युवकों के परिजनों ने अपने बच्चों की सकुशल वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद जितिन प्रसाद के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!