Advertisement

नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने किया विभिन्न कार्यालयों, विद्यालय का निरीक्षण

नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने किया विभिन्न कार्यालयों, विद्यालय का निरीक्षण

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

(पांडु‌र्णा में कलेक्टर की सक्रिय पहल से मेडिकल स्टोर हड़ताल हुई समाप्त)

पांढुरना – नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज अपने प्रथम पांदुर्णा भ्रमण के दौरान विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी और समयपालन की भावना से कार्य करने के निर्देश दिए।

सर्वप्रथम कलेक्टर श्री वशिष्ठ प्रातः 9:40 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने कार्यालय की प्रत्येक शाखा का निरीक्षण किया। इसके पश्चात तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने अभिलेख संधारण, नागरिक सेवाओं के कार्य तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली और सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र पांडुर्णा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की स्वच्छता, अभिलेख रख-रखाव एवं नागरिक सुविधा व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर की सक्रिय पहल से मेडिकल स्टोर की हड़ताल हुई समाप्त

निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा की जा रही हड़ताल को समाप्त कराने हेतु पाडुर्णा क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने संचालकों की समस्याएँ सुनीं तथा उनके उचित निराकरण का आश्वासन दिया। कलेक्टर के सकारात्मक हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप पांडुर्णा की सभी मेडिकल स्टोर पुनः संचालित होने लगे हैं।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि, “अतिआवश्यक सेवाओं के अंतर्गत आने वाले मेडिकल स्टोर सदैव खुले रहना चाहिए ताकि आमजन को दवाइयों की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो।”

बैठक के पश्चात कलेक्टर ने सी.एम. राइज प्राथमिक विद्यालय पांडुर्णा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अध्यनरत विद्यार्थियों से आत्मीय वार्तालाप किया तथा विद्यालय के प्रधान पाठक श्री प्रदीप डोबले से विद्यालय संचालन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के उत्साह एवं कक्षाओं की साज-सज्जा और स्वच्छता की प्रशंसा की।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि, “विद्यालय समाज का निर्माण स्थल है, जहाँ से भविष्य के नागरिक तैयार होते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च्च प्राथमिकता है।”

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ का यह निरीक्षण आमजन एवं कर्मचारियों में सकारात्मक संदेश लेकर आया है। उनके नेतृत्व में जनसेवा से जुड़े कार्यों में गति, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व आने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!