हत्या के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे
पलवल-19 अगस्त
कृष्ण कुमार छाबड़ा

क्राइम ब्रांच होडल एवं चांदहट थाना पुलिस ने हत्या के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस मामलों की गहराई से जांच कर रही है। मामले से जुड़े किसी भी आरोपित को नहीं बख्शा जाएगा।
क्राइम ब्रांच होडल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के अनुसार मामले में मुंडकटी थाना क्षेत्र में गोकशी के आरोप में पीटे गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युसूफ भूड़पुर का रहने वाला था। युसूफ हसनपुर से तीन गोवंश लेकर आ रहा था। मित्रोल गांव के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। बाइक से गाड़ी के आगे-आगे निगरानी करते चल रहे युसूफ को भी लोगों ने रोक लिया। जिसके बाद लोगों ने गाड़ी के चालक रवि व युसूफ की पिटाई कर दी। पिटाई के कारण इलाज के दौरान युसूफ की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में रवि की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर त्वरित कार्यवाही करते हुए इस वारदात में शामिल छः आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश की विवेचना टीम ने इस वारदात में शामिल सातवे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान गांव दिघोंट निवासी दीपक के रूप में हुई है।

वहीं चांदहट थाना प्रभारी निरीक्षक सुंदर पाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीती दिनांक 11 जून 2025 को हथियार लैस बदमाशों ने अलावलपुर गांव में मोहित की गोली मारकर हत्या कर मौके से भाग गए थे। वारदात पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसपी महोदय ने अपराधियों के जल्द धर पकड़ करने के निर्देश दिए थे जिस पर कार्यवाही करते हुए 15 जून को चांदहट थाना पुलिस ने मोहित हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल दो आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए पहले ही जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया था। इसके उपरांत दिनांक 25 जून को सीआईए पलवल टीम ने वारदात में शामिल 5-5 हजार इनाम के मुख्य दो आरोपियों को मुठभेड़ में 2 देशी कट्टा, 4 जिन्दा कारतूस अवैध हथियार सहित काबू किया। दिनांक 28 जून को हत्या वारदात के मुख्य आरोपियों को शरण देने के दो आरोपियों सीहोल निवासी मनीष कुमार एवं कोटा, नूह निवासी निरंजन उर्फ निंदे को गिरफ्तार कर जेल भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल आरोपी चांदहट निवासी सुनील को दिनांक 18 अगस्त को नियम अनुसार गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
















Leave a Reply