नितिन माहेश्वरी, मनीषा अखिलेश राजपूत एवं ज्योति सिद्धार्थ जैन आदि के प्रयास हुए सफल, शहर में निकाली भव्य कावड़ यात्रा, लोगों ने की भारी प्रशंसा
तीर्थों के जल से विश्वेश्वर महादेव का हुआ जलाभिषेक

विदिशा। सावन मास के अंतिम श्रावणी सोमवार के पावन पर्व पर सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य कावड़ यात्रा ने विदिशा नगर को पूरी तरह शिव की भक्ति भाव से परिपूर्ण कर दिया। इस आध्यात्मिक आयोजन का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने किया, जबकि महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन और समिति पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा एवं सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के आजीवन सदस्य लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ जीवनदायिनी मां बेतवा के तट से वैदिक मंत्रोच्चार एवं पंडित संजय पुरोहित द्वारा कावड़ पूजन तथा महाकाल की शाही सवारी की पूजा-अर्चना के साथ विधिवत रूप से किया गया।
68 तीर्थों के पवित्र जल से अभिषेक
यात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें 68 पवित्र तीर्थों (भरतकूप सहित) से लाए गए जल से विश्वेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया गया। इस अद्वितीय धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
5 घंटे में तय हुई 5 किलोमीटर की यात्रा
अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने बताया कि यह यात्रा लगभग 5 किलोमीटर लंबी थी, जिसे श्रद्धालुओं ने 5 घंटे में पूर्ण किया। ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयघोष से वातावरण शिव भक्तिमय हो गया। महाकाल की शाही सवारी इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
भव्य स्वागत, झांकियां और ढोल-ताशों से सजी यात्रा
यात्रा संयोजक मनीषा अखिलेश राजपूत ने बताया कि यात्रा मार्ग में 40 से अधिक स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने फूलों, मिठाइयों और जलपान से कावड़ियों का स्वागत किया।
सह संयोजक रेखा मनोज शर्मा ने जानकारी दी कि भोलेनाथ एवं शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां और उज्जैन से आए ढोल-ताशा दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा के दौरान ढोल की तालों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
प्रशासन व नगर पालिका का सराहनीय सहयोग
यात्रा की सुचारु व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन और नगर पालिका का विशेष सहयोग रहा। एसडीएम, कोतवाली थाना प्रभारी, सिविल लाइन थाना प्रभारी और यातायात प्रभारी लगातार यात्रा मार्ग पर निगरानी बनाए रहे। नगर पालिका की ओर से सीएमओ द्वारा सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से डॉक्टरों की टीम एंबुलेंस सहित यात्रा के साथ चलती रही, जिससे चिकित्सा सुविधा की सतत उपलब्धता बनी रही।

धार्मिक समरसता की अनूठी मिसाल
यात्रा की एक विशेष बात यह रही कि इसमें सभी धर्मों के लोगों ने भागीदारी कर पुष्प वर्षा से स्वागत किया, जिससे यह आयोजन धार्मिक समरसता और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया।
समिति ने जताया आभार
समिति प्रवक्ता मनोज शर्मा ने यात्रा की मीडिया कवरेज हेतु सभी मीडिया साथियों का आभार जताया और कावड़ यात्रा में सहभागी बने समस्त श्रद्धालुओं व गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह टीलाखेड़ी, चन्द्रकुमार शर्मा, महामंत्री राहुल कुशवाहा, दीपक सक्सेना, प्रशांत रघुवंशी, नीलम राजपूत, अनामिका पचौरी, मिथलेश दांगी, कल्पना किरार, नेहा राजपूत, विधायक मुकेश टंडन, मनोज कटारे, राकेश शर्मा, शशांक भार्गव, संदीप डोगर सिंह, तेजेंद्र सिंह बन्नू भैया, दिनेश कुशवाह, लायन अरुण कुमार सोनी, गोविंद देवलिया, गोपाल खंडेलवाल, ओ पी चतुर्वेदी, शिवचरण साहू, ज्योति शाह, मंजरी जैन, रिंकेश श्रीवास्तव, राधिका शरण दास, विमलेश सक्सेना, हैप्पी यादव, सौरभ श्रीवास्तव, प्रियंक जैन, गोलू कुशवाह, देवांश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में विप्रजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस भव्य कावड़ यात्रा की शहर में भारी प्रशंसा हुई।


















Leave a Reply