आगर मालवा
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान
सेना के सम्मान में निकाली तिरंगा यात्रा भारत मां के वीर सपूतों को नमन, आगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

आगर मालवा।
देश की आन-बान और शान की रक्षा में तत्पर भारतीय सेनाओं द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान के खिलाफ दिखाए गए अद्वितीय शौर्य और पराक्रम से समस्त राष्ट्र गौरवांवित हुआ है। इसी गर्व और सम्मान के प्रतीकस्वरूप शनिवार को आगर जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ झंडा चौक छावनी से हुआ, जो उत्साहपूर्ण वातावरण में राटडिया तालाब, नाना बाजार, सराफा बाजार और अस्पताल चौराहा से होती हुई विजय स्तंभ पहुंची। विजय स्तंभ पर शहीद वीर जवानों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

इस राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण आयोजन में कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, एसपी श्री विनोद कुमार, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती मधु गहलोत सहित बड़ी संख्या में आमजन, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
जनता का उत्साह देखते ही बनता था। हाथों में तिरंगा लिए जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। यह आयोजन केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय सेना के प्रति जनता की अटूट श्रद्धा और अखंड राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बन गया।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग ने इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में भागीदारी कर यह संदेश दिया कि देश की रक्षा के लिए समर्पित हमारे जवानों के साथ पूरा राष्ट्र खड़ा है।

















Leave a Reply