गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“स्वीकृति नहीं मिली तो निरस्त होंगे 7 करोड़ के टेंडर

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
सात करोड़ रुपये से पीडब्ल्यूडी की 15 सड़कों के पुनर्निर्माण का टेंडर निरस्त होने के कगार पर है। शुक्रवार तक शासन से कार्य की स्वीकृति नहीं मिली तो टेंडर निरस्त हो जाएगा। धनराशि मिलने की उम्मीद में विभाग की ओर से माह भर से टेंडर की तिथि बढ़ाई जा रही थी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुईं 15 सड़कों का पुनर्निर्माण कराने के लिए मंडलायुक्त के निर्देश पर शासन को करीब दो माह पहले प्रस्ताव भेजा था। विभाग ने धनराशि मिलने की उम्मीद में करीब एक माह पहले सभी सड़कों का टेंडर भी आमंत्रित कर लिया। टेंडर की निर्धारित आखिरी तिथि तक मार्ग निर्माण व धनराशि की स्वीकृति नहीं मिलने पर विभाग तीन बार टेंडर की तिथि बढ़ा चुका है। आखिरी बार 25 मार्च से टेंडर डालने की तिथि को बढ़ाकर 28 मार्च किया गया। इसके बाद भी बृहस्पतिवार शाम तक निर्माण की मंजूरी शासन से नहीं मिली।
विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक स्वीकृति नहीं मिलने पर टेंडर निरस्त हो जाएगा। टेंडर निरस्त होने से 15 सड़कों के पुनर्निर्माण का मामला लटकने के आसार हैं। करीब चार साल से मार्ग का पुनर्निर्माण नहीं होने से हजारों लोगों को रोज दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन मार्गों का भेजा गया था प्रस्ताव
1. लमकना-दूबेपुर मार्ग
2. टेबवा परवर संपर्क मार्ग
3. कोड़री से अनुसूचित बस्ती मार्ग
4. दूबेपुर मार्ग
5. पारा सामान्य बस्ती मार्ग
6. दरपीपुर संपर्क मार्ग
7. विजेथुआ-राजापुर मार्ग
8.कूरेभार-फुलौना मार्ग से अन्नू तिवारी का पुरवा
9. कटका-मायंग के कोहरइया से मोहधड़वा तक
10. मुसहर नचना मार्ग
11. घाटमपुर बाग से अहिरानी होते हुए स्कूल मार्ग
12. इनायतपुर घोंपा मार्ग
13. सबई संपर्क मार्ग
14. मुइली-चांदपुर मार्ग
15. बक्सी का पुरवा मार्ग
आज अपने आप निरस्त हो जाएगा टेंडर
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि स्वीकृति की प्रत्याशा में टेंडर आमंत्रित किया गया है। धनराशि व निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलने से शुक्रवार को अपने आप टेंडर निरस्त मान लिया जाएगा।















Leave a Reply